LOADING...
टोयोटा 2027 में बंद कर सकती है इनोवा क्रिस्टा का उत्पादन, जानिए क्या है कारण
टोयोटा अगले साल इनोवा क्रिस्टा को बंद कर सकती है

टोयोटा 2027 में बंद कर सकती है इनोवा क्रिस्टा का उत्पादन, जानिए क्या है कारण

Apr 05, 2026
04:59 pm

क्या है खबर?

टोयोटा 2027 की शुरुआत में अपनी इनोवा क्रिस्टा का उत्पादन बंद कर सकती है। यह निर्णय आगामी कॉर्पोरेट एवरेज फ्यूल इकोनॉमी (CAFE) 3 मानदंडों के कारण लिया जा सकता है। 2016 में लॉन्च होने के बाद से इनोवा क्रिस्टा लोकप्रिय विकल्प रही है। कुछ ही महीनों में यह भारत में कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बन गई। इसकी जगह इनोवा हाइक्रॉस हाइब्रिड का एक अधिक किफायती और कम सुविधाओं वाला वर्जन लॉन्च किया जा सकता है।

लोकप्रियता 

टैक्सी चालकों के बीच लोकप्रिय है क्रिस्टा

टोयोटा इनोवा क्रिस्टा की बिक्री का एक बड़ा हिस्सा फ्लीट ऑपरेटर्स से आता है। यह MPV अपने आसान संचालन, टिकाऊपन और अपेक्षाकृत कम रखरखाव और परिचालन लागत के कारण पसंद की जाती है। इसके अलावा केबिन में ज्यादा जगह, भारतीय परिस्थितियों के लिए मजबूत बनावट और अधिक रीसेल वैल्य जैसे कारण भी हैं। टैक्सी चालकों में इसके पेट्रोल की जगह डीजल मॉडल ज्यादा पसंद किया जाता है, क्योंकि इसकी परिचालन लागत कम आती है।

बदलाव 

गाड़ी में किए जा सकते हैं ये बदलाव 

क्रिस्टा का डीजल मॉडल बंद किया जाता है तो इसकी जगह हाईक्रॉस हाइब्रिड जैसा ही विकल्प लाया जा सकता है, क्योंकि यह पेट्रोल से ज्यादा माइलेज देता है। इसके अलावा लैडर-फ्रेम क्रिस्टा को मोनोकोक हाइक्रॉस हाइब्रिड से बदलने पर टोयोटा को अब 2 अलग-अलग चेसिस लाइंस को बनाए रखने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे उत्पादन क्षमता और समग्र व्यावसायिक संचालन में सुधार होगा। पेट्रोल हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ आगामी सख्त उत्सर्जन मानकों का अनुपालन करना भी आसान हो जाएगा।

Advertisement