पिछले महीने मारुति डिजायर बनी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार, जानिए शीर्ष-10 मॉडल
क्या है खबर?
मई में सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों की सूची में मारुति सुजुकी का दबदबा रहा है। पहले 3 स्थान पर कार निर्माता का कब्जा रहा है। इसके कुल 6 मॉडल शीर्ष-10 कारों की सूची में शामिल हैं। मारुति डिजायर इस सूची शीर्ष स्थान पर बनकर उभरी है। इसने पिछले महीने 24,546 बिक्री दर्ज की है, जो पिछले साल मई में बिकीं 18,084 डिजायर की तुलना में सालाना आधार पर 36 फीसदी अधिक है।
अर्टिगा
सबसे ज्यादा बिकने वाली MPV तीसरे पायदान पर
शीर्ष-10 कारों की सूची में मारुति सुजुकी फ्रोंक्स 20,686 बिक्री के साथ दूसरे पायदान पर रही है। यह आंकड़ा मई, 2025 में बिकीं 13,584 गाड़ियों की तुलना में सालाना आधार पर 52 फीसदी की बढ़ोतरी दर्शाता है। मारुति अर्टिगा लगातार दूसरे महीने तीसरे स्थान पर बनी हुई है और देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली MPV है। मई में इसे 20,350 ग्राहक मिले हैं, जो पिछले साल की तुलना में 26 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती हैं।
अन्य मॉडल
सूची में शामिल हैं ये अन्य मॉडल
टाटा मोटर्स की पंच 20,208 बिक्री हासिल करने के बावजूद चौथे स्थान पर खिसक गई। इसकी बिक्री में 54 फीसदी की सालाना वृद्धि दर्ज हुई है। दूसरी तरफ टाटा नेक्सन 2 पायदान ऊपर चढ़कर 5वें स्थान पर पहुंच गई। टाटा की कॉम्पैक्ट SUV ने मई में 19,100 की बिक्री हासिल की है। इनके अलावा, मारुति बलेनो (18,396), वैगनआर (18,076), स्विफ्ट (17,519), महिंद्रा स्कॉर्पियो (15,774) और हुंडई क्रेटा (15,523) क्रमश: छठे, 7वें, 8वें, 9वें और 10वें पायदान पर रही हैं।