Page Loader
त्योहारी सीजन में भारत में लॉन्च होने वाली हैं ये धांसू इलेक्ट्रिक कारें, जानें इनकी खासियत

त्योहारी सीजन में भारत में लॉन्च होने वाली हैं ये धांसू इलेक्ट्रिक कारें, जानें इनकी खासियत

Oct 26, 2020
01:17 pm

क्या है खबर?

भारत में त्योहारों का सीजन शुरू हो चुका है। जल्दी ही दिवाली आने वाली है। कई लोग इस मौके पर नई कार खरीदना शुभ मानते हैं। वहीं समय के साथ-साथ भारत में इलेक्ट्रिक कारों का चलन भी बढ़ रहा है। यही कारण है कि ज्यादतर ऑटोमोबाइल कंपनियां अपने इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में उतार रही हैं। अगर आप भी त्योहारी सीजन में इलेक्ट्रिक कार खरीदने का विचार कर रहे हैं तो यहां से इनकी जानकारी ले सकते हैं।

महिंद्रा

महिंद्रा की ये दो इलेक्ट्रिक कारें होंगी लॉन्च

महिंद्रा इस त्योहारी सीजन में अपनी दो इलेक्ट्रिक कार XUV300 EV और eKUV100 लॉन्च करने वाली है। XUV300 EV को ऑटो एक्सपो 2020 में पेश किया गया था। इसकी कीमत लगभग 15 लाख होगी। इसकी बैटरी पैक और रेंज टाटा नेक्सन EV के समान होने की उम्मीद की जा रही है। eKUV100 को 8.25 लाख रुपये की कीमत के साथ लॉन्च किया जा सकता है। इसमें एक इलेक्ट्रिक इंजन होगा और यह ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ उपलब्ध होगी।

हुंडई

जल्द आने वाली है हुंडई की मिनी इलेक्ट्रिक SUV

ऑटोमोबाइल कंपनी हुंडई अपनी 'स्मार्ट EV योजना' के तहत मिनी इलेक्ट्रिक SUV लॉन्च करने वाली है। अभी इस कार की लॉन्च होने की तारीख सामने नहीं आई है। पहले इसे विदेशी बाजार में लॉन्च किया जा सकता है। इस मिनी SUV की कीमत 10 लाख रुपये के आसपास होगी। और यह सिंगल चार्ज में 299 किलोमीटर की दूरी तय कर पाएगी। बता दें कि इससे पहले कंपनी भारत में कोना इलेक्ट्रिक SUV लॉन्च कर चुकी है।

मारुति सुजुकी

​मारुति सुजुकी वैगनआर EV होगी लॉन्च

ऊपर बताई गई कारों के अलावा मारुति सुजुकी भी वैगनआर EV लॉन्च करने वाली है। यह थर्ड जेनरेशन वैगनआर पर आधारित होगी। यह देश की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कारों में से एक होगी। भारत में लॉन्च होने वाली इस कार की कीमत सात लाख रुपये से कम हो सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह सिंगल चार्ज पर 200 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगी। यह टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम जैसे कई फीचर्स से लैस होगी।

टाटा

टाटा ला रही है दो इलेक्ट्रिक कार

टाटा भी आने वाले समय में अल्ट्रोज EV और HBX EV लॉन्च करने वाली है। ये दोनों मॉडल्स टाटा की जिपट्रॉन टेक्नॉलजी पर आधारित हैं। इनके लॉन्च की तारीखों की भी अभी जानकारी नहीं दी गई है। अल्ट्रोज EV की रेंज 250 किलोमीटर से 300 किलोमीटर के बीच होगी। इसकी कीमत 14 लाख रुपये होने की उम्मीद है। HBX EV अन्य कारों की तुलना में थोड़ा अलग होगा। इसकी रेंज 300 किलोमीटर हो सकती है।