टाटा सिएरा इलेक्ट्रिक अवतार में लॉन्च, जानिए फीचर्स और कीमत
क्या है खबर?
टाटा मोटर्स ने सिएरा EV को भारत में लॉन्च कर दिया है। इसके लिए 30 जून से बुकिंग खोल दी गई है और डिलीवरी 15 जुलाई से होगी। हैरियर EV की तरह ही इसे भी Acti.ev+ आर्किटेक्चर पर बनाया गया है। यह इलेक्ट्रिक SUV 5 वेरिएंट्स- प्योर, प्योर S, एडवेंचर, एम्पावर्ड और एम्पावर्ड A में उपलब्ध होगी। इसे 7 रंग विकल्पों- प्रिस्टीन व्हाइट, कूर्ग क्लाउड, अंडमान एडवेंचर, प्योर ग्रे, बंगाल रूज, ऋषिकेश रैपिड्स और नैनीताल नॉक्टर्न में बेचा जाएगा।
एक्सटीरियर
ऐसा है इलेक्ट्रिक सिएरा का लुक
सिएरा EV काफी हद तक अपने ICE वर्जन जैसी ही दिखती है, बस इसमें कुछ छोटे-मोटे अंतर हैं। इसके फ्रंट हिस्से में लाइट बार और हेडलैंप के बीच वाला पूरा चौड़ा ब्लैक-आउट सेक्शन नहीं है, जो ICE वर्जन में होता है। इसके अलावा, लेटेस्ट कार के फ्रंट बंपर का डिजाइन अलग है और इसमें ज्यादा ग्लॉस ब्लैक ट्रिम का इस्तेमाल किया गया है। इसका साइड प्रोफाइल और पिछला हिस्सा मौजूदा मॉडल जैसा ही है, बस बैजिंग का अंतर है।
इंटीरियर
ऐसा है गाड़ी का इंटीरियर
अंदर की तरफ भी इलेक्ट्रिक सिएरा मौजूदा मॉडल से ज्यादा अलग नहीं है। बस इसके कलर स्कीम में थोड़ा फर्क है। इसमें 622-लीटर का बूट स्पेस मिलता है। यह बड़ी पैनोरमिक सनरूफ (1,525mm X 925mm), खिड़कियों के लिए छिपी हुई रबर बीडिंग, जेस्चर से खुलने-बंद होने वाला पावर्ड टेलगेट और डिजिटल-की से लैस है। इसके अलावा पावर्ड और वेंटिलेटेड सीट्स, ड्राइवर की सीट के लिए मेमोरी सेटिंग्स, आगे-पीछे आर्मरेस्ट, पीछे की खिड़की के लिए ब्लाइंड्स और लेदरेट अपहोल्स्ट्री भी है।
फीचर
इन सुविधाओं से लैस है नई सिएरा
फीचर्स की बात करें तो इलेक्ट्रिक सिएरा में हॉराइजन व्यू ट्रिपल स्क्रीन सेटअप है, जिसमें ड्यूल 12.3-इंच के इंफोटेनमेंट और को-ड्राइवर डिस्प्ले और एक 10.25-इंच का इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर शामिल है। इसके साथ वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और ऐपल कारप्ले के EV रूट प्लानर, डोल्बी एटमॉस, सोनिक साउंडबार और सबवूफर के साथ 12-स्पीकर JBL ऑडियो सिस्टम, पहला इन-कार UPI सिस्टम ड्राइवपे इंटीग्रेशन भी मिलता है। इसके अलावा वीडियो गेम खेलने के लिए एयरकंसोल, मल्टी-कलर इंटरफेस के साथ हाईपर HUD भी दी है।
सुरक्षा
सुरक्षा के लिए दी गई हैं कई सुविधाएं
टाटा मोटर्स ने SUV की सुरक्षा पर खास ध्यान दिया है। इसमें 560-डिग्री सराउंड-व्यू कैमरा, लेवल-2 प्लस ADAS, ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग, 6 एयरबैग, डिजिटल एक्सेस कार्ड और हैरियर.ईवी में इस्तेमाल होने वाली डिस्क के आकार की चाबी दी गई है। इसमें 6 टेरेन मोड और ऑफ-रोड क्रॉल कंट्रोल जैसे फीचर्स हैं। साथ ही, इसमें e-Valet सेल्फ-पार्किंग की सुविधा भी मिलती है। इस लेटेस्ट कार में व्हीकल टू लोड (V2L) और व्हीकल टू व्हीकल (V2V) चार्जिंग सुविधाएं भी मौजूद हैं।
कीमत
कितनी है इस गाड़ी की कीमत?
टाटा सिएरा के इलेक्ट्रिक अवतार में 63kWh और 75kWh क्षमता वाले बैटरी पैक दिए हैं, जो 500 किलोमीटर से ज्यादा तक की रेंज देने में सक्षम है। केवल 15 मिनट के चार्ज में 250 किलोमीटर से ज्यादा दौड़ सकती है। बडे बैटरी पैक में QWD ड्यूल-मोटर सेटअप का विकल्प मिलता है। यह महज 5.8 सेकेंड में 0-100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। इसकी कीमत 18.79 लाख से शुरू होकर 25.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है।