टाटा पंच बनी 8 लाख की बिक्री हासिल करने वाली सबसे तेज कॉम्पैक्ट SUV
क्या है खबर?
टाटा मोटर्स की पंच SUV ने घरेलू बिक्री में 8 लाख का आंकड़ा पार कर लिया है। नेक्सन के बाद कंपनी की मौजूदा पैसेंजर गाड़ियों की रेंज में ऐसा करने वाली यह दूसरी SUV बन गई है। इन आंकड़ों में पंच पेट्रोल, CNG और EV की कुल थोक बिक्री शामिल है। यह उपलब्धि इस साल की शुरुआत में फरवरी में पंच के 7 लाख का आंकड़ा पार करने के 5 महीने से भी कम समय में हासिल हुई है।
समय
उपलब्धि हासिल करने में लगा इतना समय
पंच को अक्टूबर, 2021 में लॉन्च किया था। टाटा मोटर्स के सेल्स डाटा के अनुसार, पंच देश में 8 लाख की बिक्री का आंकड़ा पार करने वाली सबसे तेजी से बिकने वाली कॉम्पैक्ट SUV बन गई है।
मारुति ब्रेजा को इस मुकाम तक पहुंचने में लगभग 80 महीने लगे, हुंडई वेन्यू को 85 महीने और टाटा नेक्सन को 89 महीने लगे, जबकि पंच ने लॉन्च होने के 57 महीने से कुछ ज्यादा समय में ही यह उपलब्धि हासिल कर ली।
कीमत
कितनी है पंच की मौजूदा कीमत?
कार निर्माता ने इस साल जनवरी में टाटा पंच का फेसलिफ्ट वर्जन लॉन्च किया, जिसमें बाहरी और अंदरूनी बदलाव, नए फीचर्स और नए पावरट्रेन विकल्प दिए गए हैं।
अब इसकी रेंज में 1.2-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन, CNG-AMT विकल्प और अपडेटेड पंच EV शामिल है, जिसमें बेहतर बैटरी विकल्प और बैटरी-एज-अ-सर्विस (BaaS) प्रोग्राम दिया गया है।
पेट्रोल रेंज की कीमतें 5.70 लाख से, CNG वर्जन की 6.80 लाख से और EV की 9.69 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है।