Page Loader
टाटा नेक्सन EV का लॉन्ग रेंज वेरिएंट बंद, जानिए अब कौन-से विकल्प मिलेंगे 
टाटा नेक्सन EV का LR वेरिएंट बंद कर दिया गया है (तस्वीर: टाटा मोटर्स)

टाटा नेक्सन EV का लॉन्ग रेंज वेरिएंट बंद, जानिए अब कौन-से विकल्प मिलेंगे 

Feb 18, 2025
07:25 pm

क्या है खबर?

दिग्गज कार निर्माता टाटा मोटर्स ने नेक्सन EV के लॉन्ग रेंज (LR) वेरिएंट को बंद कर दिया है। अब कंपनी भारतीय बाजार में केवल मीडियम रेंज (MR) और 45 वर्जन ही बेचेगी। इससे पहले कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि कंपनी LR और MR दोनों वेरिएंट को बंद कर देगी, लेकिन उसने MR वेरिएंट को बरकरार रखा है। टाटा नेक्सन EV के LR वेरिएंट 40.5kWh बैटरी के साथ आता था, जो 465 किलोमीटर की रेंज देता है।

MR वेरिएंट 

कितनी रेंज देता है MR वेरिएंट 

नेक्सन EV MR वेरिएंट में 30kWh बैटरी पैक मिलता है, जो एक बार चार्ज करने पर 275 किलोमीटर की रेंज देता है। इसे 56 मिनट में 10-80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है। इसकी इलेक्ट्रिक मोटर 127bhp की पावर और 215Nm का टॉर्क पैदा करती है। यह 9.2 सेकेंड में 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी शुरुआती कीमत 12.49 लाख रुपये (कीमतें, एक्स-शोरूम) है। बड़े बैटरी के साथ नेक्सन EV रेड डार्क एडिशन में भी उपलब्ध है।

45 वर्जन

45 वर्जन में मिलता है बड़ा बैटरी पैक

टाटा नेक्सन का 45 वर्जन 45kWh बैटरी पैक से लैस है, जो एक बार चार्ज करने पर 489 किलोमीटर तक की रेंज प्रदान करता है। इस SUV को पैनोरमिक सनरूफ, एडवांस व्हीकल-टू-लोड (V2L) और व्हीकल-टू-व्हीकल (V2V) चार्जिंग तकनीक जैसी सुविधाओं के साथ आती है। इसे 60-किलोवाट फास्ट चार्जर का उपयोग करके लगभग 40 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है। नेक्सन EV 45 की कीमत 13.99 लाख रुपये से शुरू होती है।