मारुति सुजुकी से लेकर टोयोटा तक, कैसी रही पिछले महीने कारों की बिक्री?
क्या है खबर?
देश की कार निर्माता कंपनियों ने अपने जुलाई के मासिक बिक्री आंकड़े जारी कर दिए हैं। हर बार की तरह इस बार भी इस सूची में मारुति सुजुकी ने दबदबा कायम रखा है। इस पहली बार घरेलू बाजार में 2 लाख की बिक्री का आंकड़ा पार करते हुए सर्वाधिक मासिक बिक्री हासिल की है। इसके अलावा टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और अन्य कंपनियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। आइए जानते हैं 5 कंपनियों की पिछले महीने बिक्री कैसी रही।
#1
मारुति सुजुकी
सेल्स रिपोर्ट के अनुसार, मारुति सुजुकी ने जुलाई में भारतीय बाजार में 2 लाख से ज्यादा वाहन बेचकर अपनी अब तक की सबसे ज्यादा मासिक घरेलू बिक्री दर्ज की है।
निर्यात को मिलाकर कुल 2.41 लाख की बिक्री हुई है, जो जुलाई, 2025 में बेची गई 1.8 लाख की तुलना में 33.73 फीसदी की बढ़ोतरी है।
घरेलू पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री 42.41 फीसदी बढ़कर 1.96 लाख हो गई, जबकि जून (1.47 लाख) की तुलना में 33.30 फीसदी की वृद्धि है।
#2
टाटा मोटर्स
टाटा मोटर्स ने पिछले महीने पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री में सालाना आधार पर करीब 59 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है।
जुलाई में उसने कुल (घरेलू और निर्यात) 63,760 गाड़ियां बेचीं, जबकि जुलाई, 2025 में यह संख्या 40,175 थी। घरेलू बिक्री 39,521 से बढ़कर 62,611 पर पहुंच गई।
दूसरी तरफ, निर्यात 654 से बढ़कर 1,149 हो गया, जो सालाना आधार पर 75.69 फीसदी की बढ़ोतरी दिखाता है। पहली बार इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री 15,000 के आंकड़े को पार कर गई।
#3
महिंद्रा एंड महिंद्रा
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने जुलाई में घरेलू बाजार में 60,000 से ज्यादा SUV की बिक्री दर्ज की है। इसमें सालाना 20 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
जुलाई, 2025 में 49,871 गाड़ियां बिकीं, जो पिछले महीने बढ़कर 60,048 हो गई। यह आंकड़ा जून (60,393) के लगभग बराबर है।
निर्यात को मिलाकर कुल बिक्री 60,887 रही है। सभी वाहनों को मिलाकर कुल बिक्री 1.03 लाख रही, जो पिछले साल जुलाई के मुकाबले 26 फीसदी ज्यादा है।
#4
हुंडई मोटर कंपनी
हुंडई मोटर कंपनी ने अब तक का अपना सबसे अच्छा मासिक बिक्री प्रदर्शन दर्ज किया है, जिसमें कुल बिक्री पहली बार 75,000 के आंकड़े को पार कर गई।
जुलाई इसने कुल (घरेलू और निर्यात) 75,360 गाड़ियां बेची, जो जुलाई, 2025 में बेची गई 60,073 की तुलना में 25.45 फीसदी की सालाना वृद्धि है।
घरेलू बाजार में 54,210 नए ग्राहक मिले हैं, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह संख्या 43,973 थी, जबकि निर्यात 16,100 से बढ़कर 21,150 पर पहुंच गया।
#5
टोयोटा
टोयोटा ने पिछले महीने कुल 32,516 गाड़ियों की बिक्री की जानकारी दी है। जुलाई, 2025 में बिकी 32,575 की तुलना में यह मामूली 0.18 फीसदी की गिरावट के साथ लगभग स्थिर रही।
दूसरी तरफ, घरेलू बिक्री में बढ़ोतरी जारी रही और यह सालाना आधार पर 4.65 फीसदी बढ़कर 30,516 हो गई।
कुल बिक्री में यह गिरावट मुख्य रूप से निर्यात में भारी कमी के कारण हुई, जो एक साल पहले की 3,416 से 41.45 फीसदी घटकर 2,000 रह गई।