ट्रैफिक जाम में बार-बार क्लच दबाना पड़ जाएगा भारी, इन आदतों को आज ही छोड़ दें
क्या है खबर?
देश में लगातार बढ़ते वाहनों की संख्या के कारण सड़कों पर ट्रैफिक जाम अब आम बात हो गई है। लंबे समय तक धीमी रफ्तार में गाड़ी चलाने से जहां चालकों को परेशानी होती है, वहीं कार के कई पार्ट्स पर भी दबाव बढ़ता है। कार का क्लच सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले हिस्सों में से एक है। खासकर जाम में गलत तरीके से इसका इस्तेमाल करने पर यह जल्दी खराब हो सकती है। आइए जानते हैं नुकसान से कैसे बचें।
हाफ क्लच
ऐसा करने पर जल्द घिस जाएगी क्लच प्लेट
ट्रैफिक में कई चालक बार-बार क्लच दबाकर रखते हैं या पैर को पूरी तरह क्लच से नहीं हटाते। इसे हाफ क्लच की स्थिति कहा जाता है।
इसमें क्लच प्लेट और फ्लाई व्हील के बीच लगातार घर्षण होता रहता है, जिससे ज्यादा गर्मी पैदा होती है। लंबे समय तक ऐसा करने से क्लच प्लेट घिसने लगती है और जलने जैसी गंध भी आने लगती है।
इसलिए, गियर बदलने के बाद पैर को क्लच पेडल हटाकर डेड पेडल पर रखना चाहिए।
गलत आदत
रुकी हुई कार में भी क्लच दबाए रखना
जब ट्रैफिक में गाड़ी कुछ देर के लिए रुक जाती है तो कई लोग गियर लगाए रखते हैं और क्लच दबाकर इंतजार करते हैं।
यह आदत क्लच रिलीज बेयरिंग पर अतिरिक्त दबाव डालती है। अगर, गाड़ी लंबे समय तक रुकी है तो उसे न्यूट्रल गियर में डाल दें और क्लच से पैर हटा लें।
इससे क्लच सिस्टम पर अनावश्यक दबाव नहीं पड़ेगा। ढलान पर गाड़ी रोकने के लिए क्लच और एक्सीलेटर के बजाय हैंडब्रेक का इस्तेमाल बेहतर होता है।
चढ़ाई
चढ़ाई पर रखें यह ध्यान
फ्लाईओवर या पहाड़ी रास्तों पर जाम के दौरान कई लोग कार को पीछे जाने से रोकने के लिए क्लच और एक्सीलेटर को आधा-आधा दबाकर रखते हैं।
इससे गाड़ी कुछ समय के लिए एक जगह रुक जाती है, लेकिन क्लच प्लेट तेजी से खराब होती है।
चढ़ाई पर रुकने के लिए ब्रेक या हैंडब्रेक का इस्तेमाल करें। जब आगे रास्ता साफ हो जाए, तब धीरे-धीरे क्लच छोड़कर कार को आगे बढ़ाएं। इन आदतों को अपनाकर क्लच को सही रख सकते हैं।