Page Loader
रेनो राफेल कूपे से उठा पर्दा, इन फीचर्स के साथ अगले साल देगी दस्तक  
रेनो राफेल कूपे से उठा पर्दा (तस्वीर: रेनो)

रेनो राफेल कूपे से उठा पर्दा, इन फीचर्स के साथ अगले साल देगी दस्तक  

लेखन अविनाश
Jun 19, 2023
01:27 pm

क्या है खबर?

फ्रांस की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी रेनो ने अपनी कूपे SUV रेनो राफेल को आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया है। इसे अगले साल वैश्विक बाजारों में लॉन्च किया जाएगा। ब्लैक-आउट ग्रिल के साथ इस कार को स्पोर्टी लुक मिला है और इसमें लेटेस्ट फीचर्स के साथ बड़ा 5-सीटर केबिन दिया गया है। यह गाड़ी हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ आएगी, जो लगभग 200hp की पावर जनरेट करने में सक्षम है। आइए इसके सभी फीचर्स के बारे में जानते हैं।

लुक

रेनो राफेल में मिलेगा मैट्रिक्स LED हेडलैंप

लेटेस्ट कार रेनो राफेल में स्लोपिंग रूफलाइन, लंबा बोनट, बड़ा ब्लैक्ड-आउट ग्रिल, चौड़ा एयर वेंट और मैट्रिक्स LED हेडलैंप दिए गए हैं। इस गाड़ी में ब्लैक-आउट B-पिलर्स, इलेक्ट्रिक एडजस्टेबल, ORVMs, फ्लेयर व्हील आर्च और नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। पीछे की तरफ इसमें एक शार्क-फिन एंटीना और रैप-अराउंड टेललैंप जोड़े गए हैं। राफेल एल्पाइन ब्लू और सैटिन पर्ल व्हाइट रंग में उपलब्ध होगी। इस गाड़ी की लंबाई 4710mm और चौड़ाई 1860mm है।

इंजन

गाड़ी में मिलेगा टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन 

रेनो राफेल को दो इलेक्ट्रिक मोटर्स के साथ 130hp की पावर जनरेट करने वाला 1.2-लीटर का टर्बोचार्ज्ड, तीन-सिलेंडर वाला पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह सेटअप कुल 200hp की पावर जनरेट करने में सक्षम है। ट्रांसमिशन के लिए इसमें ऑटोमैटिक और मैनुअल गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा। इसमें ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम के साथ प्लग-इन हाइब्रिड सेटअप का विकल्प भी मिल सकता है। यह गाड़ी लगभग 200 किलोमीटर प्रति घंटे की टॉप स्पीड के साथ चलने में सक्षम है।

फीचर्स

पैरानॉमिक सनरूफ और हेड-अप-डिस्प्ले रेनो राफेल 

रेनो राफेल में पैनोरमिक ग्लास रूफ के साथ एक 5-सीटर केबिन मिलता है, जो पूरी तरह से अपारदर्शी से पारदर्शी में बदल सकता है। इसमें आर्मरेस्ट के साथ बड़ा सेंट्रल कंसोल और एक फ्लैट-बॉटम मल्टीफंक्शनल स्टीयरिंग व्हील है। इस गाड़ी में 9.3 इंच का हेड-अप डिस्प्ले, 12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 12.0 इंच का वर्टिकली-ओरिएंटेड टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम भी मिलेगा, जो ऐपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो को सपोर्ट करेगा। सुरक्षा के लिए गाड़ी में कई एयरबैग भी हैं।

जानकारी

क्या होगी इस गाड़ी की कीमत? 

भारतीय बाजार में रेनो राफेल की कीमत और उपलब्धता की जानकारी इसके लॉन्च के समय ही दी जाएगी। हालांकि, अनुमान लगाया जा रहा है कि इसे करीब 50 लाख रुपये के आस-पास लॉन्च किया जा सकता है।

न्यूजबाइट्स प्लस

रेनो भारत में 2025 में लॉन्च करेगी अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार

रेनो भारत में 2025 में अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करेगी। इसको लेकर हाल ही में रेनाे इंडिया ऑपरेशंस के कंट्री CEO और प्रबंध निदेशक वेंकटराम मामिलपल्ले ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा, "हम 2025 से EV सेगमेंट में आक्रामक स्थिति के साथ और 4-मीटर से अधिक लंबाई वाली C-सेगमेंट की बड़ी कारों में भी प्रवेश कर रहे हैं।" यह EV उन 3 मॉडल्स में से एक होगा, जिन्हें कंपनी 2025 में पेश करने की योजना बना रही है।