रेनो डस्टर का हाइब्रिड वेरिएंट लॉन्च से पहले ही बिका, बंद हुई बुकिंग
क्या है खबर?
रेनो ने भारत में अपनी तीसरी जनरेशन की डस्टर को लॉन्च कर दिया है। अभी इसके पेट्राेल वेरिएंट की कीमत की घाेषणा की है, लेकिन हाइब्रिड वेरिएंट लॉन्च और कीमत घोषित होने से पहले ही 2026 के लिए पूरी तरह से बुक हो चुका है। कार निर्माता ने पुष्टि की है कि हाइब्रिड डस्टर की बुकिंग अब बंद हो चुकी है और इसकी डिलीवरी इसी साल होनी है। इसके आवंटित गाड़ियों की सटीक संख्या का खुलासा नहीं किया है।
उम्मीद
दिवाली के आस-पास खुल सकती है दोबारा बुकिंग
हाइब्रिड रेनो डस्टर की बुकिंग दिवाली के आस-पास फिर से खुलने की उम्मीद है, जिसकी डिलीवरी 2027 में की जा सकती है। इस शुरुआती बिक्री से इलेक्ट्रिक वाहनों की मजबूत मांग का पता चलता है। बुकिंग के रुझानों पर गौर करने से पता चलता है कि मेट्रो शहरों में हुई सभी डस्टर बुकिंग में से 39 फीसदी हाइब्रिड विकल्प के लिए थीं। यह खरीदारों की पसंद में हाइब्रिड तकनीक की ओर स्पष्ट बदलाव को दर्शाता है।
पावरट्रेन
ऐसे हैं डस्टर के पावरट्रेन विकल्प
डस्टर के पेट्रोल और हाइब्रिड वेरिएंट्स का डिजाइन और फीचर्स एक जैसे हैं। इसमें 1.8 लीटर का एक शक्तिशाली हाइब्रिड पेट्रोल इंजन मिलता है। इसमें 109hp का पेट्रोल इंजन, 49hp की इलेक्ट्रिक मोटर और 20hp का हाइब्रिड स्टार्टर जनरेटर शामिल है, जिसे 1.4kWh की बैटरी का सपोर्ट मिलता है। सिस्टम की कुल आउटपुट 160hp और 172Nm है। इसमें एक 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन और 1.3-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन भी उपलब्ध है। इनकी कीमत 10.29-18.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है।