रेंज रोवर SV की कीमत में 75 लाख रुपये की कटौती, जानिए कौनसे मॉडल हुए सस्ते
क्या है खबर?
भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता (FTA) लागू होने से पहले जगुआर लैंड रोवर (JLR) ने ब्रिटेन से आयातित रेंज रोवर और स्पोर्ट के SV वेरिएंट की कीमतों में भारी कटौती की है। रेंज रोवर SV अब 75 लाख रुपये सस्ती हो गई है, जबकि रेंज रोवर स्पोर्ट पर 40 लाख रुपये की कटौती की गई है। कीमतों में भारी कमी के साथ रेंज रोवर SV में अब ग्लॉस और सैटिन फिनिश में अल्ट्रा मेटैलिक पेंट स्टैंडर्ड के रूप में उपलब्ध है।
कीमत
अब कितनी हुई रेंज रोवर कारों की कीमत?
रेंज रोवर की शुरुआती कीमत 3.5 करोड़ रुपये है, जो पहले 4.25 करोड़ रुपये थी, वहीं स्पोर्ट SV की 2.75 करोड़ से घटकर 2.35 करोड़ रुपये हो गई है। रेंज रोवर, रेंज रोवर स्पोर्ट, रेंज रोवर इवोक, रेंज रोवर वेलार और डिस्कवरी स्पोर्ट जैसे स्थानीय स्तर पर निर्मित मॉडल्स की कीमतों में कोई बदलाव नहीं होगा। डिफेंडर और डिस्कवरी की कीमतें भी अपरिवर्तित रहेंगी, क्योंकि इनका उत्पादन स्लोवाकिया में होता है और ये भारत-ब्रिटेन FTA के अंतर्गत नहीं आते हैं।
फायदा
FTA लागू होने से कंपनियों को होगा फायदा
पिछले साल हस्ताक्षरित FTA के तहत ब्रिटेन में निर्मित कारों पर आयात शुल्क को 5 सालों में धीरे-धीरे 100 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत तक लाने की उम्मीद है, जिससे प्रीमियम कार निर्माताओं को काफी लाभ होगा। इससे JLR जैसी लग्जरी कार निर्माताओं को भारतीय बाजार में अपने प्रमुख मॉडल्स को अधिक प्रतिस्पर्धी रूप से प्रस्तुत करने का अवसर मिला है। कीमतों में इस कटौती से लग रहा है कि जल्द ही FTA को लागू किया जा सकता है।