टोयोटा हिलक्स को 4 साल बाद मिल रहा बड़ा अपडेट, 28 जुलाई को देगी दस्तक
क्या है खबर?
जापानी कार निर्माता टोयोटा 28 जुलाई को भारतीय बाजार में अपना नया हिलक्स पिकअप लॉन्च करने जा रही है। यह लगभग 4 साल बाद इस पिकअप में पहला अपडेट है। नई टोयोटा हिलक्स पहले से ही वैश्विक बाजारों में बिक रही है। कंपनी ने इसे 'कभी न टूटने वाली मशीन' कहा है, जो इसकी मजबूत बनावट और भरोसेमंद होने का सबूत है। आइए जानते हैं आगामी हिलक्स में क्या कुछ बदलाव देखने को मिलेंगे।
एक्सटीरियर
कैसा होगा हिलक्स का लुक?
नई टोयाेटा हिलक्स में नया फ्रंट लुक है, जिसमें बॉडी के रंग वाली हनीकॉम्ब फ्रंट ग्रिल, पतले LED हेडलैंप, काली निचली फ्रंट ग्रिल, सिल्वर स्किड प्लेट और फ्रंट बंपर के किनारों पर एयर डैम से लुक बहुत दमदार है। साइड से लुक लगभग पहले जैसा, जिसमें पुराने मॉडल की तरह ही चौकोर व्हील आर्च और डोर पैनल दिए हैं, लेकिन अलॉय व्हील पूरी तरह से नए हैं। पिछले हिस्से में नया टेललैंप सेटअप और नए स्टाइल वाला बंपर है।
इंटीरियर
केबिन में मिल सकते हैं ये फीचर
इंटीरियर की बात करें तो इसमें ड्यूल 12.3-इंच की स्क्रीन, नए डिजाइन वाला स्टीयरिंग व्हील और सेंटर कंसोल होने की उम्मीद है। जापानी कार कंपनी रोजाना की ड्राइविंग और ऑफ-रोड इस्तेमाल के दौरान आसानी के लिए फिजिकल कंट्रोल बनाए रख सकती है। साथ ही, इस पिकअप में सुरक्षा के लिए 360-डिग्री कैमरा, एडवांस ड्राइवर असिस्टेंट सिस्टम (ADAS), पावर्ड फ्रंट सीट्स और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसे आरामदायक फीचर्स भी मिल सकते हैं।
पावरट्रेन
कैसा होगा हिलक्स का पावरट्रेन?
नई हिलक्स मौजूदा मॉडल के समान 2.8-लीटर, टर्बोचार्ज्ड डीजल इंजन होगा, जो 201.1bhp की पावर और 500Nm तक का टॉर्क देगा। इसके साथ 6-स्पीड मैनुअल या 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प मिलेगा। साथ ही, नए पिकअप में 48V माइल्ड-हाइब्रिड सिस्टम भी दिया जाएगा, जैसा टोयोटा टोयोटा फॉर्च्यूनर नियो में है। वैश्विक स्तर पर इसका इलेक्ट्रिक वर्जन भी है, लेकिन भारत में इसके लॉन्च को लेकर अभी पुष्टि नहीं हुई है।