नई टाटा टियागो और टियागो EV 4.69 लाख रुपये की शुरुआती कीमत में लॉन्च, जानिए फीचर्स
क्या है खबर?
टाटा मोटर्स ने भारतीय बाजार में आज (28 मई) 2026 की नई टाटा टियागो और टाटा टियागो EV पेश कर दी हैं। इस बार कंपनी ने दोनों मॉडल में डिजाइन, केबिन और फीचर्स को पहले से ज्यादा बेहतर बनाया है। नए बदलावों के साथ कार को ज्यादा आकर्षक और आरामदायक बनाने की कोशिश हुई है। कंपनी को उम्मीद है कि इससे हैचबैक सेगमेंट में उसकी पकड़ और मजबूत ज्यादा होगी।
डिजाइन
डिजाइन में मिला नया और शार्प लुक
नई टियागो के आगे की तरफ बदला हुआ डिजाइन दिया गया है। इसमें नई LED हेडलाइट, ऊपर की तरफ डे-टाइम लाइट और बीच में चमकदार काला पैनल मिलता है। बंपर का डिजाइन भी पहले से अलग है। पीछे की तरफ नई LED टेललाइट दी गई है। वहीं टियागो EV में सामने बॉडी कलर वाला पैनल और खास बैज दिए गए हैं। नए डिजाइन से दोनों कार पहले से ज्यादा आकर्षक नजर आती हैं।
केबिन
केबिन और फीचर्स में बड़ा बदलाव
कार के अंदर भी कई नए बदलाव किए गए हैं। डैशबोर्ड का डिजाइन पहले से ज्यादा साफ और आसान रखा गया है। इसमें 10.25 इंच की बड़ी टच स्क्रीन, नया स्टीयरिंग व्हील और ड्राइवर डिस्प्ले दिया गया है। फीचर्स की बात करें तो वायरलेस चार्जिंग, 360 डिग्री कैमरा, पीछे की एयर वेंट, क्रूज कंट्रोल और ऑटो हेडलैंप मिलते हैं। सुरक्षा के लिए छह एयरबैग और बेहतर कंट्रोल सिस्टम भी शामिल किए गए हैं।
इंजन
पेट्रोल, CNG और EV के विकल्प मौजूद
नई टियागो में 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 86 हॉर्सपावर की ताकत देता है। इसका CNG मॉडल भी उपलब्ध है। कंपनी ने CNG में ऑटोमैटिक गियर का विकल्प भी दिया है। टियागो EV में 19.2 और 24 किलोवाट बैटरी पैक मिलते हैं। कंपनी के मुताबिक, एक बार चार्ज करने पर यह 205 से 215 किलोमीटर तक चल सकती है। तेज चार्जिंग से 18 मिनट में 100 किलोमीटर तक की रेंज मिल सकती है।
कीमत
कीमत, रंग और बाजार में उपलब्धता
नई टियागो पेट्रोल की शुरुआती कीमत 4.69 लाख रुपये और CNG मॉडल 5.79 लाख रुपये से शुरू होता है। वहीं टियागो EV की कीमत 6.99 लाख रुपये रखी गई है। कार कई नए रंगों में आई है, जिनमें सफेद, ग्रे और खास नए शेड शामिल हैं। कंपनी ने इसे देशभर के शोरूम में उपलब्ध कराना शुरू कर दिया है। इसका मुकाबला मारुति स्विफ्ट और हुंडई ग्रैंड i10 जैसी कारों से रहेगा।