भारत में हुआ नई लग्जरी हाइब्रिड SUV का पेटेंट, जानिए कितनी है कुल रेंज
क्या है खबर?
भारत में एक नया प्लग-इन हाइब्रिड व्हीकल (PHEV) का पेटेंट कराया गया है। यह एक बड़ी फुल-साइज लग्जरी हाइब्रिड SUV है, जिसकी कुल रेंज 1,226 किलोमीटर है। इसका नाम रॉक्स 01 है और इसे रॉक्स मोटर्स नामक एक चीनी स्टार्टअप ने बनाया है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसे रॉक्स मोटर्स के नाम से ही भारत में लॉन्च किया जाएगा या किसी अन्य ब्रांड के तहत दस्तक देगी। फिलहाल, यह स्टार्टअप रॉक्स 01 और एडमास मॉडल पेश करती है।
आकार
कितनी है गाड़ी की लंबाई?
पेटेंट किए गए मॉडल में रॉक्स एडमास के पहिये और बंपर लगे हैं, लेकिन इसकी विंडशील्ड के ऊपर रॉक्स 01 का लिडार बल्ब लगा है। साथ ही, पीछे लगे बैज पर भी 01 लिखा है। इस फुल-साइज SUV की लंबाई 5,298mm, चौड़ाई 1,985mm, ऊंचाई 1,856mm और व्हीलबेस 3,010mm है। इस लेटेस्ट कार का न्यूनतम ग्राउंड क्लीयरेंस 272mm और बैटरी ग्राउंड क्लीयरेंस 324mm है। यह अधिकतम 770mm तक पानी में चल सकती है। इसके पहियों का आकार 21-इंच है।
डिजाइन
बॉक्सी लुक में आती है राॅक्स 01
डिजाइन की बात करें तो रॉक्स 01 एक बॉक्सी SUV है, जिसमें सामने की तरफ इंटीग्रेटेड DRLs के साथ पारंपरिक हेडलाइट पोजीशनिंग और एक बड़ी ग्रिल वाला दमदार फ्रंट पैनल दिखाई देता है। साथ ही रूफ लाइन और विंडो लाइन सीधी, पारंपरिक डोर हैंडल, टेलगेट साइड हिंज्ड और टेलगेट पर स्पेयर व्हील लगा है। इंटीरियर में 5 रंग विकल्प, 2 सीटिंग लेआउट, रिट्रैक्टेबल फुटरेस्ट के साथ लाउंज सीटें, 8-वे पावर एडजस्टेबल, हीटिंग, मसाज और वेंटिलेशन की सुविधा भी है।
फीचर
इन सुविधाओं से लैस है यह लग्जरी SUV
इंटीरियर की बात करें तो रॉक्स 01 में नैप्पा लेदर अपहोल्स्ट्री, स्वेड हेड लाइनर, थ्री-जोन क्लाइमेट कंट्रोल जैसी सुविधाएं दी गई हैं। यह 15.7-इंच 3K हाई-रिजॉन इंफोटेनमेंट स्क्रीन, 15.7-इंच 3K हाई-रिजॉन रियर एंटरटेनमेंट स्क्रीन, 12.3-इंच TFT क्लस्टर, 14-स्पीकर अर्कामिस साउंड सिस्टम, सॉफ्ट-क्लोज डोर्स, GCC-एक्सक्लूसिव एन्हांस्ड AC से लैस है। इसके अलावा एडवांस्ड ADAS, क्रॉल कंट्रोल, सराउंड व्यू कैमरा, 8 एयरबैग, एडजस्टेबल राइड हाइट के साथ इलेक्ट्रॉनिक डैम्पर जैसी सुरक्षा सुविधाएं दी गई हैं।
इंजन
शक्तिशाली है SUV का इंजन
रॉक्स 01 में 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन और 56.01kWh की बैटरी पर आधारित प्लग-इन हाइब्रिड सिस्टम लगा है। ड्यूल-मोटर फुल-टाइम 4WD सिस्टम से अधिकतम आउटपुट 469bhp और 740Nm है। यह 70-लीटर के फ्यूल टैंक और 235 किलोमीटर की इलेक्ट्रिक रेंज के साथ कुल 1,226 किलोमीटर की रेंज देती है। इसकी अधिकतम गति 190 किमी/घंटा है और यह 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार 5.5 सेकेंड में पकड़ लेती है। इस हाइब्रिड कार के जल्द लॉन्च होने की उम्मीद है।