नई BMW M2 CS भारत में लॉन्च, गजब है इसकी रफ्तार
क्या है खबर?
लग्जरी कार निर्माता BMW ने भारत में नई M2 CS को लॉन्च कर दिया है। इसे सीमित संख्या में आयात कर बेचा जाएगा। यह दूसरी जनरेशन की M2 पर आधारित है, लेकिन पावर और वजन के मामले में इसमें महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। इसके अलावा, कार के सस्पेंशन और चेसिस में भी सुधार किए गए हैं, जिससे यह ट्रैक पर बेहतर प्रदर्शन के लिए उपयुक्त है। यह कार महज 3.8 सेकेंड में 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है।
एक्सटीरियर
एक्सटीरियर में किया हल्की सामग्री का इस्तेमाल
M2 CS में कार्बन फाइबर रीइन्फोर्स्ड प्लास्टिक (CFRP) के एलिमेंट्स का व्यापक उपयोग किया गया है। इनमें कार्बन रूफ, बूट लिड, मिरर कैप और CS-विशिष्ट रियर डिफ्यूजर शामिल हैं। बेहतर एयरोडायनामिक्स और स्थिरता के लिए इसमें डकटेल स्पॉइलर भी दिया गया है। किडनी ग्रिल में बड़े एयर इंटेक्स के साथ एक अनोखा डिजाइन है, जबकि पीछे की तरफ मैट ब्लैक रंग के 4 एग्जॉस्ट टिप्स, ब्रॉन्ज फिनिश वाले 19-इंच के फ्रंट और 20-इंच के रियर फोर्स्ड अलॉय व्हील्स हैं।
इंटीरियर
इन सुविधाओं से लैस है M2 CS
इंटीरियर की बात करें तो M2 CS में स्पोर्टी केबिन है, जिसमें हल्के मटीरियल के साथ M कार्बन बकेट सीटें, कार्बन इंसर्ट वाला अल्कांतारा स्टीयरिंग व्हील, मेरिनो लेदर अपहोल्स्ट्री और कार्बन फाइबर सेंटर कंसोल मिलता है। केबिन में एम्बिएंट लाइटिंग के साथ-साथ चमकदार CS ब्रांडिंग, हेड-अप डिस्प्ले, हरमन कार्डन साउंड सिस्टम और कनेक्टेड फीचर्स दिए गए हैं। नई M2 CS में ट्रैक मोड, 10-स्टेज M ट्रैक्शन कंट्रोल, M ड्रिफ्ट एनालाइजर और लैप टाइमर सहित कई ड्राइव मोड शामिल हैं।
पावरट्रेन
गाड़ी में मिलता है शक्तिशाली इंजन
नई BMW M2 CS में 3.0-लीटर इनलाइन 6-सिलेंडर S58 इंजन लगा है, जिसमें M ट्विनपावर टर्बो तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। यह इंजन 530hp की पावर और 650Nm का टॉर्क उत्पन्न करता है, जो स्टैंडर्ड M2 से 50hp अधिक है। इसकी अधिकतम गति 302 किमी/घंटा है। पावर को ड्राइव्लॉजिक तकनीक से लैस 8-स्पीड M स्टेपट्रॉनिक ट्रांसमिशन के माध्यम से पिछले पहियों तक पहुंचाया जाता है। भारत में इसे 1.66 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) कीमत पर लॉन्च किया है।