मायहुंडई ऐप 30,000 से ज्यादा EV चार्जिंग पॉइंट्स तक देगी पहुंच
क्या है खबर?
हुंडई मोटर कंपनी ने मायहुंडई ऐप के जरिए देशभर में 30,000 से ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग पॉइंट तक पहुंच देकर अपने EV इकोसिस्टम के बड़े विस्तार की घोषणा की है। कई चार्ज पॉइंट ऑपरेटर्स (CPOs) और सर्विस प्रोवाइडर्स की साझेदारी से बना यह इंटीग्रेटेड प्लेटफॉर्म भारत के सबसे बड़े चार्जिंग नेटवर्क में से एक है, जिसे एक ही मोबाइल ऐप के जरिए इस्तेमाल किया जा सकता है। यह चार्जिंग प्लेटफॉर्म सभी ब्रांड की इलेक्ट्रिक कारों के लिए खुला है।
सुविधा
ऐप पर क्या मिलेगी सुविधा?
इससे यूजर्स मायहुंडई ऐप के जरिए चार्जिंग स्टेशन ढूंढ सकते हैं, उन तक पहुंचने का रास्ता देख सकते हैं, पहले से स्लॉट बुक कर सकते हैं और डिजिटल पेमेंट भी कर सकते हैं।
हुंडई का कहना है कि इस बड़े नेटवर्क की वजह से औसतन 25 किलोमीटर के दायरे में चार्जिंग की सुविधा मिल जाती है।
इससे EV मालिकों को कश्मीर से कन्याकुमारी तक पूरे देश में ज्यादा भरोसे के साथ यात्रा करने में मदद मिलती है।
फास्ट चार्जिंग
105 शहरों में चला रही फास्ट चार्जिंग स्टेशन
पार्टनर के जरिए चलाए जा रहे चार्जिंग पॉइंट के साथ-साथ हुंडई खुद के सार्वजनिक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को भी मजबूत कर रही है।
कंपनी अभी 105 शहरों में 183 DC फास्ट-चार्जिंग स्टेशन चला रही है और 2030 तक इस नेटवर्क को 600 स्टेशनों तक बढ़ाने की योजना है।
DC फास्ट चार्जर अभी 60-240kW तक की चार्जिंग क्षमता देते हैं, जो अलग-अलग EVs के लिए उपयुक्त हैं। चार्जिंग नेटवर्क से अब तक 3 लाख से ज्यादा EV यूजर्स को सर्विस दी है।