Page Loader
महेंद्र सिंह धोनी की कार और बाइक्स का वीडियो आया सामने, शोरूम जैसा है कलेक्शन
कैप्टन कूल धोनी की बाइक कलेक्शन

महेंद्र सिंह धोनी की कार और बाइक्स का वीडियो आया सामने, शोरूम जैसा है कलेक्शन

लेखन अविनाश
Jul 18, 2023
01:57 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपने वाहनों के कलेक्शन के लिए जाने जाते हैं। कैप्टन कूल के गैरेज में 70 से अधिक बाइक्स और कई गाड़ियां शामिल हैं। धोनी ने इन सभी वाहनों को अपने रांची फॉर्महॉउस पर रखा है। यह जगह देखने में किसी शोरूम में कम नहीं लगती। पूर्व क्रिकेटर वेंकटेश प्रसाद ने धोनी की बाइक और कार कलेक्शन का एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें कई दमदार वाहन देखे जा सकते हैं।

वीडियो

धोनी के लिए बेहद खास है यह कलेक्शन

वीडियो में वेंकटेश प्रसाद बताते हैं कि उन्हें धोनी का बाइक कलेक्शन देखकर ऐसा लग रहा है कि वह किसी शोरूम में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के कलेक्शन के लिए इंसान के अंदर जूनून होना जरूरी है। धोनी की पत्नी साक्षी इस वीडियो में पूछती हैं कि इतनी बाइक्स रखने की वजह क्या है? जवाब देते हुए धोनी कहते हैं, "मैं कोई ऐसी चीज चाहता था जो सिर्फ मेरी हो और यह कलेक्शन सिर्फ मेरा है।"

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिये धोनी का कलेक्शन

स्पोर्ट्स बाइक

धोनी के पास है तेज रफ्तार वाली ये बाइक्स

धोनी के पास कावासाकी निंजा H2R बाइक है। तेज रफ्तार से चलने वाली बाइक्स की लिस्ट में H2R का नाम सबसे ऊपर आता है। इस बाइक की टॉप स्पीड 392 किलोमीटर प्रति घंटा है। उनकी बाइक लिस्ट में डुकाटी पैनिगेल भी है। इसमें BS6 मानक वाला 1,103cc V4 डेस्मोसेडिसी स्ट्रैडेल इंजन मिलता है। इस बाइक की टॉप स्पीड 320 किलोमीटर प्रति घंटा है। ये दोनों देश में उपलब्ध बेहतरीन सुपरबाइक्स हैं।

कार कलेक्शन

धोनी के कार कलेक्शन में हैं ये मॉडल्स 

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ने साल 2009 में 1 करोड़ रुपये की कीमत में दमदार फुल साइज SUV 'हमर H2' खरीदी थी। इस दमदार कार को पावर देने के लिए इसमें 6.2 लीटर का V8 पेट्रोल इंजन दिया गया है। वहीं 2011 क्रिकेट विश्व कप में भारत की जीत के बाद उन्होंने अपने कार कलेक्शन में फेरारी 599 GTO को शामिल किया था। इस कार में पावरफुल V12 इंजन मिलता है।

गाड़ियां

कैप्टन कूल के पास लैंड रोवर और ऑडी की ये गाड़ियां

लैंड रोवर की फ्रीलैंडर 2 बॉलीवुड के कई सितारों के पास है। कंपनी ने कार के इस मॉडल को 2014 में बंद कर दिया था। हालांकि, धोनी के पास अभी भी यह गाड़ी है। उनके पास एक काले रंग वाली पुरानी जनरेशन की ऑडी Q7 भी है। इसमें 2967cc का डीजल इंजन है, जो 242bhp की पावर जनरेट करता है। पिछले साल ही धोनी ने किआ EV6 इलेक्ट्रिक कार भी खरीदी है।

जानकारी

धोनी के कलेक्शन की अन्य कारें

खबरों के मुताबिक, इनके अलावा धोनी के पास जीप ग्रैंड चेरोकी, निसान जोंगा, GMC सिएरा जैसी कुछ और कारें भी हैं। निसान जोंगा धोनी ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल पद के चलते ली थी।

पहली

यामाहा RX135 थी माही की पहली बाइक

धोनी के कलेक्शन में क्लासिक बाइक की संख्या सबसे अधिक है, जिसके लिए माही ने एक अलग सेक्शन भी बना रखा है। उनके गैरेज में कॉन्फेडरेट X132 हेलकैट, हार्ले डेविडसन फैट बॉय, यामाहा RD350 और BSA गोल्डस्टार जैसी बेहतरीन बाइक्स भी हैं और कई बार इन्हे ये बाइक्स चलाते स्पॉट किया जा चुका है। बता दें कि यामाहा RX135 धोनी की पहली बाइक थी। इसके अलावा कुछ महीने पहले उन्होंने TVS रोनिन भी खरीदी थी।