मिनी कूपर S कंवर्टिबल JCW पैक भारत में लॉन्च, जानिए स्टैंडर्ड मॉडल से क्या है अलग
क्या है खबर?
मिनी ने नई कंवर्टिबल जॉन कूपर वर्क्स (JCW) पैक को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। इसे आयात कर बेचा जाएगा और सीमित संख्या में उपलब्ध होगी। स्टैंडर्ड कूपर S कंवर्टिबल पर आधारित JCW पैक में अंदर और बाहर कुछ कॉस्मेटिक अपडेट किए गए हैं, लेकिन मैकेनिकल रूप से इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। कूपर S कंवर्टिबल JCW पैक की बुकिंग 14 अप्रैल से शुरू हो गई है और डिलीवरी जारी है।
एक्सटीरियर
एक्सटीरियर में किए हैं ये कॉस्मेटिक बदलाव
JCW पैक एक कॉस्मेटिक पैकेज है, जो अंदर और बाहर कुछ JCW-विशिष्ट स्टाइलिंग अपडेट जोड़ता है। इसमें 2 विशेष पेंट शेड- मिडनाइट ब्लैक और लीजेंड ग्रे शामिल हैं, जिनमें से लीजेंड ग्रे में बोनट पर अतिरिक्त धारियां भी हैं। इस मिनी कूपर में फ्रंट ग्रिल, बाहरी रियरव्यू मिरर (ORVM), डोर हैंडल, व्हील आर्च, साइड स्कर्ट और बंपर पर ग्लॉस-ब्लैक फिनिश है। इसके अलावा नए 17-इंच के JCW ब्लैक व्हील, स्पोर्ट ब्रेक और जेट ब्लैक फैब्रिक रूफ भी मिलती है।
इंटीरियर
इंटीरियर में क्या है नया?
लग्जरी कार के केबिन में JCW-ब्रांडेड स्पोर्ट्स सीटें और JCW-विशिष्ट स्टीयरिंग व्हील है, लेकिन फीचर्स स्टैंडर्ड मॉडल के समान ही हैं। इसके ब्लैक इंटीरियर में फ्रंट हेडरेस्ट और डैशबोर्ड पर लाल पट्टी जैसे कुछ कंट्रास्टिंग एलिमेंट्स भी हैं। यह कंवर्टिबल 9.4-इंच के गोलाकार OLED टच-इंफोटेनमेंट सिस्टम, हेड-अप डिस्प्ले, मिनी कनेक्टेड-कार सूट से लैस है। इसके अलावा वायरलेस चार्जिंग, ऐपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो और हरमन कार्डन ऑडियो सिस्टम शामिल हैं।
कीमत
कितनी है गाड़ी की कीमत?
इंजन की बात करें तो यह स्टैंडर्ड कूपर S कंवर्टिबल के समान ही है। इसमें 2.0-लीटर का 4-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल इंजन लगा है, जो 7-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जुड़ा है। यह कार 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार 6.9 सेकेंड में पकड़ लेती है, जबकि इसकी टॉप स्पीड 237 किलोमीटर प्रति घंटा है। मिनी का दावा है कि कंवर्टिबल 16.82 किलोलीटर प्रति लीटर का माइलेज देती है। कूपर S कंवर्टिबल JCW की कीमत 61.5 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।