E20 लागू होने के बाद 60 फीसदी गाड़ियों का माइलेज 10 फीसदी से ज्यादा गिरा- सर्वे
क्या है खबर?
2023-24 के दौरान पेट्रोल गाड़ियां खरीदने वाले लगभग 60 फीसदी मालिकों का कहना है कि उनकी गाड़ियों का माइलेज 10 फीसदी से ज्यादा कम हो गया है। यह गिरावट अप्रैल, 2025 में E20 (20 फीसदी इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) लागू होने के बाद आई है। यह जानकारी लोकलसर्कल्स की ओर से हाल ही में कराए गए एक सर्वे में सामने आई है। इन नतीजों से ईंधन की गुणवत्ता और उसमें संभावित मिलावट को लेकर नई चिंताएं पैदा हो गई हैं।
नतीजे
ऐसे रहे सर्वे के नतीजे
सर्वे में लगभग 59 प्रतिशत लोगों ने 2025 की शुरुआत से माइलेज में 10 प्रतिशत से ज्यादा और 25 प्रतिशत लोगों ने 20 प्रतिशत से ज्यादा की कमी बताई।
2023 से पहले की गाड़ियों के 66 प्रतिशत मालिकों ने भी माइलेज में 10 प्रतिशत से ज्यादा की कमी की बात कही है।
इससे पता चलता है कि यह समस्या पुरानी और नई दोनों तरह की गाड़ियों में एक जैसी है। यह सरकार के 3-5 फीसदी नुकसान अनुमान से ज्यादा है।
चिंता
मिलावट को लेकर बढ़ी चिंता
निष्कर्ष ईंधन की गुणवत्ता और मिलावट को लेकर चिंता पैदा करते हैं।
लोकलसर्कल्स ने कहा, "इससे इस बात की प्रबल संभावना का पता चलता है कि भारत में पेट्रोल में मिलावट की समस्या है। पंपों पर जो ईंधन दिया जा रहा है, वह E20 के मानकों के अनुरूप नहीं है। वाहन निर्माताओं और सरकार के हालिया निर्देश में भी इस चिंता को उठाया गया है, जिसमें राज्यों से इथेनॉल-मिश्रित आपूर्ति श्रृंखला में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया।"