MG M9 और साइबरस्टर कॉउचर एडिशन भारत में लॉन्च, जानिए कितनी हैं इनकी कीमत
क्या है खबर?
JSW MG मोटर्स ने MG सेलेक्ट ब्रांड के तहत अपनी M9 और साइबरस्टर के कॉउचर एडिशन लॉन्च किए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर फैशन डिजाइनर गौरव गुप्ता के साथ मिलकर बनाए गए इन लिमिटेड एडिशन मॉडल में डिजाइनर की खास कॉउचर क्रिएशंस से प्रेरित एक्सक्लूसिव डिजाइन एलिमेंट्स शामिल हैं। इनकी बुकिंग शुरू हो गई है और डिलीवरी 10 अगस्त से शुरू होगी। इन मॉडल्स को पिछले दिनों मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में पेश किया गया था।
खासियत
क्या है इन एडिशंस की खासियत?
इन स्पेशल एडिशन में गुप्ता का सिग्नेचर सर्पेंट इंफिनिटी मोटिफ है, जो उनके फैशन कलेक्शन में लगातार दिखने वाला एक एलिमेंट है और निरंतरता, बदलाव और ताकत का प्रतीक है।
MG मोटर्स के अनुसार, गाड़ियों में इस मोटिफ को हाथ से की गई फिनिशिंग, कढ़ाई जैसी कारीगरी और टोनल डिजाइन एलिमेंट्स के जरिए शामिल किया है, ताकि एक खास विजुअल पहचान बनाई जा सके।
कॉउचर एडिशन खास तौर पर 14 शहरों में मौजूद MG सेलेक्ट शोरूम के जरिए उपलब्ध होंगे।
कीमत
कितनी है इन एडिशंस की कीमत?
MG ने पुष्टि की है कि M9 और साइबरस्टर दोनों का प्रोडक्शन सिर्फ 50-50 गाड़ियों तक ही सीमित रहेगा, जिससे ये भारत में कंपनी की सबसे खास और कम संख्या में उपलब्ध कारों में से एक बन जाएंगी।
MG सेलेक्ट डीलरशिप और कंपनी की अधिकारिक वेबसाइट के जरिए बुकिंग शुरू हो गई है।
M9 कॉउचर एडिशन की कीमत 84.94 लाख रुपये है, जबकि साइबरस्टर कॉउचर एडिशन की कीमत 87.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।