मर्सिडीज-बेंज ने लॉन्च की नई V-क्लास, जानिए क्या है कीमत और फीचर
क्या है खबर?
लग्जरी कार निर्माता मर्सिडीज-बेंज ने भारत में 2026 V-क्लास को लॉन्च किया है, जिसकी डिलीवरी मार्च के अंत में शुरू हो जाएगी। यह 2019 से 2022 के बीच बेची गई V-क्लास का अपडेटेड वर्जन है। मर्सिडीज V-क्लास लॉन्ग व्हीलबेस एक्स्ट्रा (LWB) में मेटैलिक पेंट विकल्पों में सोडालाइट ब्लू, रॉक क्रिस्टल व्हाइट, ऑब्सीडियन ब्लैक और हाई-टेक सिल्वर शामिल हैं, जबकि नॉन-मेटैलिक पेंट विकल्प के रूप में एल्पाइन ग्रे उपलब्ध है। इसका मुकाबला लेक्सस LM और टोयोटा वेलफायर से होगा।
एक्सटीरियर
ऐसा है इस लग्जरी वैन का लुक
मर्सिडीज V-क्लास की लंबाई 5,370mm, चौड़ाई 1,928mm, ऊंचाई 1,880mm और व्हीलबेस 3,430mm है। इसमें विशेष ग्रिल है, जिसके मध्य में एक बड़ा 3-नुकीला स्टार बना हुआ है। साथ ही बंपर में AMG वेंटिलेशन ग्रिल, मल्टीबीम LED हेडलाइट्स, ग्रिल के चारों ओर LED लाइट स्ट्रिप, मर्सिडीज लोगो प्रोजेक्शन पडल लैंप, LED टेल लाइट्स, 18-इंच अलॉय व्हील और रूफ रेल शामिल हैं। लग्जरी कार में बिजली से संचालित स्प्लिट टेलगेट और स्लाइडिंग दरवाजे भी दिए गए हैं।
इंटीरियर
केबिन में मिलती हैं प्रीमियम सुविधाएं
इंटीरियर की बात करें तो एक बड़ी सेंट्रल इंफोटेनमेंट स्क्रीन और स्टीयरिंग व्हील पर कंट्रोल के साथ एक डिजिटल TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर है। गियर सेलेक्टर स्टीयरिंग कॉलम पर है, जिससे आगे बैठने वालों के बीच कोई खाली जगह नहीं है। आगे की सीटें मेमोरी फंक्शन और वेंटिलेशन के साथ आती हैं, साथ ही इनमें एक्सटेंडेबल थाई सपोर्ट भी है। लाउंज सीटें इसकी मुख्य विशेषता हैं, जिनमें मसाज, एक्सटेंडेबल काफ सपोर्ट, कप होल्डर और वायरलेस चार्जिंग पैड जैसी सुविधाएं मिलती हैं।
कीमत
कितनी है भारत में इसकी कीमत?
2026 मर्सिडीज V-क्लास के V300 d डीजल वेरिएंट में 2-लीटर, 4-सिलेंडर, टर्बोचार्ज्ड इंजन मिलता है, जबकि V300 पेट्रोल वेरिएंट में 48V माइल्ड हाइब्रिड सिस्टम से लैस 2.0-लीटर पेट्रोल इंजन है। दोनों 9-स्पीड टॉर्क-कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जुड़े हैं। इसमें बर्मेस्टर साउंड सिस्टम, 64-कलर एम्बिएंट लाइटिंग, हीट इंसुलेटिंग ग्लास, 7 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरे, ड्राइवर अटेंशन मॉनिटरिंग, एडवांस्ड ADAS सूट, स्टैंडर्ड एयर सस्पेंशन की भी सुविधा है। इस गाड़ी की भारतीय बाजार में कीमत 1.4 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) है।