मर्सिडीज-बेंज ने भारत में लॉन्च की GLC इलेक्ट्रिक, जानिए कीमत और फीचर
क्या है खबर?
मर्सिडीज-बेंज ने भारत में नई GLC इलेक्ट्रिक को लॉन्च कर दिया है। इसे देश में ही असेंबल किया जा रहा है और यह कंपनी की इलेक्ट्रिक SUV लाइनअप में एक नया शुरुआती मॉडल बन गई है। GLC इलेक्ट्रिक का अपने पेट्रोल/डीजल मॉडल से लंबाई, चौड़ाई, ऊंचाई और व्हीलबेस के मामले में बड़ी है। इसे 6 रंग विकल्पों- शीयर ब्लू, लैवेंडर सिल्वर, ऑब्सीडियन ब्लैक, ओपलाइट व्हाइट ब्राइट, पेटागोनिया रेड मेटैलिक और अल्पाइन ग्रे सॉलिड में पेश किया है।
लुक
ऐसा है GLC इलेक्ट्रिक का लुक
GLC इलेक्ट्रिक की ग्रिल में 914 अलग-अलग पिक्सेल लाइटिंग एलिमेंट लगे हैं। जब कार पार्क होती है या उसे चालू या बंद किया जाता है तो ये एलिमेंट अलग-अलग पैटर्न बनाते हैं।
इसके अलावा, हेडलैंप और टेल-लैंप में मौजूद LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स (DRLs) के 'थ्री-पॉइंटेड स्टार' डिजाइन भी काफी आकर्षक लगते हैं।
GLC 400 में AMG स्टाइलिंग पैक स्टैंडर्ड तौर पर आता है, जिसमें 20-इंच के अलॉय व्हील्स और स्पोर्टी दिखने वाले AMG-स्पेक फ्रंट और रियर बंपर शामिल हैं।
इंटीरियर
सबसे बड़ी स्क्रीन से लैस है गाड़ी
इंटीरियर में सबसे खास 39.1-इंच की 'हाइपरस्क्रीन', जो पूरे डैशबोर्ड की चौड़ाई में फैली हुई है। यह भारत की किसी भी गाड़ी में मिलने वाली सबसे बड़ी सिंगल-पीस स्क्रीन है।
स्क्रीन को इस्तेमाल करना बहुत आसान और स्मूथ है। बाकी हिस्सों में लकड़ी, धातु और लेदर का इस्तेमाल किया है।
AMG लाइन स्पेक होने के कारण इसमें मर्सिडीज का स्पोर्टी फोर-स्पोक स्टीयरिंग व्हील भी मिलता है। इंटीरियर के लिए 3 रंग- ब्लैक, बीच ब्राउन और आइवरी बेज मिलते हैं।
फीचर्स
ड्राइविंग के लिए मिलेंगी आरामदायक सुविधाएं
फीचर्स की बात करें तो तारों की तरह चमकने वाली पैनोरमिक ग्लास रूफ, 2 वायरलेस चार्जर, एम्बिएंट लाइटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित फंक्शंस, पावर्ड टेलगेट, पावर-फोल्डिंग रियर सीटें मिलती है।
इसके साथ ही सुरक्षा के लिए 8 कैमरों और 5 रडार के साथ लेवल-2 ADAS, ऑटो पार्किंग असिस्ट, 360-डिग्री सराउंड-व्यू कैमरा, 9 एयरबैग भी दिए गए हैं।
लग्जरी कार में आगे की सीटों में मसाज और हीटिंग के फीचर्स तो हैं, लेकिन वेंटिलेशन की सुविधा नहीं है।
रेंज
सिंगल चार्ज में कितनी देगी रेंज?
GLC इलेक्ट्रिक को 400 4मैटिक वर्जन में पेश किया है। इसमें 94kWh की बैटरी दी गई है, जो ऑल-व्हील ड्राइव के लिए 2 इलेक्ट्रिक मोटरों को पावर देती है।
इसका कुल आउटपुट 490hp और 800Nm है। मर्सिडीज का दावा है कि यह 0-100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार केवल 4.3 सेकेंड में पकड़ लेती है। इसकी बैटरी एक बार चार्ज करने पर 711 किलोमीटर की रेंज देने का दावा करती है।
इसकी कीमत 78.5 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है।