मर्सिडीज-बेंज ने कई गाड़ियों के लिए जारी किया रिकॉल, जानिए क्या है खराबी
क्या है खबर?
जर्मन लग्जरी कार निर्माता मर्सिडीज-बेंज ने भारत में अपने विभिन्न मॉडल्स के लिए रिकॉल जारी किया है। इनमें E-क्लास, C-क्लास, GLC, G-क्लास, S-क्लास, AMG GT और AMG E 63 शामिल हैं।
कंपनी ने 29 अप्रैल, 2022 से 20 अगस्त, 2024 के बीच निर्मित कुल 2,543 E-क्लास और 31 अगस्त से 31 अक्टूबर, 2021 के बीच बनी 3 C-क्लास को वापस बुलाया है।
सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के अनुसार, सॉफ्टवेयर गड़बड़ी के कारण यह रिकॉल जारी किया गया है।
अन्य मॉडल
ये मॉडल भी वापस बुलाए
SIAM के अनुसार, मर्सिडीज-बेंज ने फ्यूल वितरण मॉड्यूल से जुड़ी एक अलग समस्या के कारण अन्य मॉडल्स को वापस बुला है।
इस समस्या से प्रभावित मॉडल्स में 7 अक्टूबर, 2022 से निर्मित GLC, 5 अक्टूबर, 2022 से बनी AMG GT, 20 जुलाई, 2022 से 29 सितंबर, 2023 के बीच बनी S-क्लास शामिल हैं।
इसके अलावा 17 अगस्त से 20 दिसंबर, 2022 के बीच निर्मित G-क्लास और 9 अक्टूबर 2021 से 18 अक्टूबर, 2022 तक बनीं AMG E 63 शामिल हैं।
कारण
रिकॉल के लिए ये खामियां हैं जिम्मेदार
रिकॉल गाड़ियों के सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी के कारण सेलिंग मोड बंद होने पर पेट्रोल इंजन के फ्यूल इंजेक्शन सिस्टम को निष्क्रिय कर सकता है।
इससे बिना किसी चेतावनी के प्रणोदन अचानक कम हो सकता है, जो ड्राइवर्स के लिए जोखिम पैदा करता है।
दूसरी तरफ फ्यूल वितरण मॉड्यूल आवश्यक मानकों को पूरा नहीं करता है, जिससे ईंधन वितरण में समस्या हो सकती है। कंपनी ने मालिकों से कारों की सर्विस सेंटर पर ले जाने का आग्रह किया है।