
मर्सिडीज-बेंज GLB की बिक्री भारत में बंद, जानिए क्या है कारण
क्या है खबर?
लग्जरी कार निर्माता मर्सिडीज-बेंज ने भारत में अपनी GLB SUV की बिक्री बंद कर दी है। मर्सिडीज की इस एंट्री-लेवल 7-सीटर SUV को मेक्सिको के प्लांट से आयात कर भारत में बेचा गया था।
भारतीय बाजार के लिए आवंटन पूरा हो चुका है और सभी गाड़ियों की बिक्री हो चुकी है।
दिसंबर, 2022 में लॉन्च की गई मर्सिडीज-बेंज GLB देश में 2 साल से थोड़े ज्यादा समय से बिक्री पर थी। लॉन्च के समय यह किफायती 7-सीटर लग्जरी SUV थी।
अपडेट
2023 में GLB को किया था अपडेट
मर्सिडीज ने मार्च, 2023 में GLB को अपडेट किया था, जिसमें नए बंपर और नई फ्रंट ग्रिल के साथ-साथ अन्य अपडेट शामिल किए गए।
फीचर्स की सूची में भी विस्तार किया गया। सबसे बड़ा बदलाव 48V माइल्ड-हाइब्रिड पेट्रोल और डीजल पावरट्रेन को जोड़ा गया।
जर्मन कंपनी ने पुष्टि की है कि भारत के लिए नई GLB लाने की योजना है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया यह फेसलिफ्ट या 2026 में लॉन्च होने वाला नई जनरेशन का मॉडल होगा।
पावरट्रेन
GLB में मिलते थे ये पावरट्रेन विकल्प
मर्सिडीज GLB को 200 प्रोग्रेसिव, 220d 4मैटिक और 220d AMG लाइन 4मैटिक वेरिएंट में बेचा गया था।
200 प्रोग्रेसिव में 1.3-लीटर, टर्बो-पेट्रोल इंजन (163hp/250Nm) था, जिसे 7-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जोड़ा गया।
GLB 220d वेरिएंट में 2.0-लीटर डीजल इंजन (190hp/400Nm) के साथ 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया।
लॉन्च के समय इसकी कीमत 63.80-69.80 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच थी। इसे लैंड रोवर डिस्कवरी स्पोर्ट जैसी गाड़ियों से 1.6-7.6 लाख रुपये कम कीमत पर बेचा गया।