मारुति सुजुकी वैगनआर बायोफ्लेक्स लॉन्च, 85 फीसदी इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से चलेगी
क्या है खबर?
मारुति सुज़ुकी ने अपनी 'टॉल बॉय' हैचबैक का फ्लेक्स-फ्यूल वर्जन वैगनआर बायोफ्लेक्स को लॉन्च किया है। यह देश की पहली ऐसी मास-मार्केट पैसेंजर गाड़ी है, जो ज्यादा इथेनॉल ब्लेंड वाले फ्यूल पर चल सकती है। यह टॉप-स्पेक ZXi+ वेरिएंट पर आधारित है और E20 से लेकर E85 तक के इथेनॉल-पेट्रोल मिश्रण पर चलने के लिए बनाया गया है। इसका मतलब है कि यह गाड़ी 85 प्रतिशत तक इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का इस्तेमाल कर सकती है।
बदलाव
बाहर दिखते हैं ये बदलाव
मारुति वैगनआर के इस फ्लेक्स फ्यूल वर्जन का डिजाइन मौजूदा मॉडल के समान है, लेकिन इसमें कुछ कॉस्मेटिक बदलाव नजर आते हैं। इसके साइड में 'फ्लेक्स फ्यूलl' के स्टिकर और टेलगेट पर 'बायोफ्लेक्स' की बैजिंग दी गई है, जबकि इंटीरियर में कोई बदलाव नहीं किया है। इसके फॉग लाइट्स, रियर पार्किंग सेंसर्स, 7-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट स्क्रीन, वायर्ड एंड्रॉयड ऑटो और ऐपल कारप्ले, 4 स्पीकर्स, ESP, 6 एयरबैग्स, मैनुअल AC, स्टीयरिंग-माउंटेड ऑडियो कंट्रोल्स और IRVM जैसे फीचर्स समान ही हैं।
पावरट्रेन
ऐसा है गाड़ी का पावरट्रेन
बोनट के नीचे वैगरआर बायोफ्लेक्स में 1.2-लीटर K12N नैचुरली एस्पिरेटेड 4-सिलेंडर फ्लेक्स फ्यूल इंजन मिलता है। इस इंजन में एक खास ECU लगा है, जो E85 तक के इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को जलाने में सक्षम है। कार में E85 तक के फ्यूल को संभालने के लिए अपडेटेड फ्यूल स्टोरेज, फ्यूल सप्लाई और फ्यूल इंजेक्शन सिस्टम भी दिए गए हैं। इसकी कीमत 7.24 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है, जो 86,000 रुपये अधिक है और यह केवल कमर्शियल खरीदारों के लिए उपलब्ध है।