मारुति सुजुकी की कारें अगस्त से हो जाएंगी 30,000 रुपये तक महंगी
क्या है खबर?
दिग्गज कार निर्माता मारुति सुजुकी ने अगस्त से अपनी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को दी गई कंपनी की लेटेस्ट रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, कीमतें 30,000 रुपये तक बढ़ाई जाएंगी। हालांकि, बढ़ोतरी की सटीक रकम मॉडल के हिसाब से अलग-अलग होगी। देश की सबसे बड़ी पैसेंजर गाड़ी बनाने वाली कंपनी ने कीमतों में हालिया बदलाव की वजह इनपुट कॉस्ट (लागत) में लगातार हो रही बढ़ोतरी को बताया है।
कारण
कंपनी ने बताई यह वजह
मारुति सुजुकी ने कहा है कि वह पिछले कुछ महीनों से लागत कम करने के कई उपाय कर रही है, ताकि इस असर को खुद संभाला जा सके और इसका पूरा बोझ ग्राहकों पर न डाला जाए।
हालांकि, महंगाई का दबाव बना हुआ है और लागत से जुड़ी मुश्किलें भी जारी हैं।
मारुति का कहना है कि उसे अब इन अतिरिक्त लागतों का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना पड़ रहा है। कीमत में अधिकतम बढ़ोतरी 30,000 रुपये होगी।
मौका
कम कीमत में खरीदने का मौका
मारुति सुजुकी की हर कार की कीमत एक ही मात्रा में नहीं बढ़ेगी। कीमत में बढ़ोतरी की सही मात्रा हर मॉडल के हिसाब से अलग-अलग होगी।
इस घोषणा का समय खास तौर पर ध्यान देने लायक है, क्योंकि नई कीमतें आने वाले त्योहारों के मौसम से ठीक पहले लागू होंगी।
इसलिए, जो खरीदार मारुति कार खरीदने की सोच रहे हैं, वे नई कीमतें लागू होने से पहले गाड़ी खरीदकर पैसे बचा सकते हैं। पिछली बार जून में कीमतें बढ़ाई थीं।