मारुति सुजुकी की कारें 20,000 रुपये तक होंगी महंगी, मई के बाद तीसरी बढ़ोतरी
क्या है खबर?
मारुति सुजुकी ने सोमवार (7 सितंबर) को चुनिंदा मॉडल्स की कीमतें 20,000 रुपये तक बढ़ाने का ऐलान किया है। मई के बाद से कीमतों में यह तीसरी बढ़ोतरी होगी। पिछली 2 बार हुई बढ़ोतरी में कंपनी की सभी कारें शामिल थीं, लेकिन इस बार कीमतें केवल कुछ चुनिंदा मॉडल्स के लिए बढ़ाए जाएंगी। मारुति ने इस फैसले की वजह लगातार बढ़ती महंगाई और ज्यादा लागत को बताया है। किन मॉडल्स और वेरिएंट्स के दाम बढ़ेंगे इसकी जानकारी नहीं दी गई।
निर्णय
अप्रैल में दी गई थी चेतावनी
कीमतें बढ़ाने का यह फैसला मारुति सुजुकी के मार्केटिंग और सेल्स के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी पार्थो बनर्जी की अप्रैल में दी गई चेतावनी के बाद लिया गया है।
बनर्जी ने कहा था कि कच्चे माल की बढ़ती कीमतों की वजह से कार बनाने वाली कंपनी को कुछ लागत ग्राहकों पर डालनी पड़ सकती है।
पश्चिमी एशिया में चल रहे टकराव की वजह से गाड़ी बनाने में इस्तेमाल होने वाले तेल, गैस और धातुओं की कीमतें बढ़ गई थीं।
कारण
इस कारण बढ़े कारों के दाम
मारुति ने 21 मई को इस साल पहली बार कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया और जून से अपनी सभी गाड़ियों की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की।
कंपनी ने कहा कि उसने लागत कम करने के उपायों से असर को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन इनपुट लागत लगातार बढ़ने के कारण उसे बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना पड़ा।
अगस्त में सभी मॉडल्स की कीमतों में 30,000 रुपये तक की दूसरी बढ़ोतरी लागू हुई।
बढ़ोतरी
दूसरी कंपनियों ने भी की बढ़ोतरी
दूसरी कंपनियों ने भी सितंबर में कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है।
टाटा मोटर्स ने इनपुट कॉस्ट और कमोडिटी की कीमतों में बढ़ोतरी का हवाला देते हुए 1 सितंबर से अपनी कारों और SUVs की कीमतें 25,000 रुपये तक बढ़ा दी हैं।
हुंडई मोटर कंपनी ने भी इस महीने से अपनी सभी गाड़ियों की कीमतों में एक फीसदी तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। यह इस साल कीमतों में किया गया तीसरा बदलाव है।