महिंद्रा XUV400 नए फीचर के साथ देगी दस्तक, मिलेंगे ये बदलाव
क्या है खबर?
दिग्गज वाहन निर्माता महिंद्रा एंड महिंद्रा अपनी XUV400 इलेक्ट्रिक कार को नए फीचर्स के साथ अपडेट करने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, इलेक्ट्रिक SUV के हाई-एंड वेरिएंट में 10.25-इंच की बड़ी टचस्क्रीन मिलेगी, जो मौजूदा 7.0-इंच की स्क्रीन की जगह लेगी। गाड़ी की इंफोटेनमेंट स्क्रीन में अन्य सुविधाओं के अलावा वायरलेस ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो का भी सपोर्ट मिलेगा। यह संभवतः वही यूनिट होगी, जो आगामी XUV300 फेसलिफ्ट में भी दिखाई देगी।
रेंज
सिंगल चार्ज में देती है इतनी रेंज
महिंद्रा XUV400 इलेक्ट्रिक 2 वेरिएंट- EC और EL में उपलब्ध है। EC ट्रिम 34.5kWh पैक (375 किलोमीटर रेंज) और 3.2kW चार्जर के साथ आता है, जबकि EL में बड़ी 39.4kWh बैटरी (456 किलोमीटर रेंज) और 7.2kW चार्जिंग क्षमता मिलती है। दोनों वेरिएंट को 150hp पावर वाली इलेक्ट्रिक मोटर से जोड़ा गया है। अपडेटेड XUV400 को अगले साल की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है और शुरुआती कीमत मौजूदा 15.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से ज्यादा रखी जा सकती है।
बिक्री
बिक्री बढ़ाने का प्रयास
महिंद्रा XUV400 को इस साल जनवरी में लॉन्च किया था। उसके बाद इसमें सुरक्षा और तकनीकी अपडेट भी किए गए, लेकिन इसकी बिक्री कमजोर ही रही है। हर महीने इसकी औसतन करीब 500 यूनिट बिकती हैं। बिक्री बढ़ाने के लिए कंपनी इस पर 4.2 लाख रुपये तक की छूट भी दे रही है। अब कंपनी नए फीचर जोड़कर इस दिशा में एक और प्रयास कर रही है। दूसरी तरफ, प्रतिद्वंद्वी टाटा नेक्सन EV की हर महीने 1,800 यूनिट बिकती हैं।