JSW मोटर्स ने दिखाई अपनी पहली कार की झलक, इसी साल देगी दस्तक
क्या है खबर?
JSW मोटर्स चीन की ऑटोमोबाइल कंपनी चेरी के साथ साझेदारी में दिवाली तक जेटूर T2 लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने डीलर पार्टनर भर्ती कैंपेन के विज्ञापन में आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि भी कर दी है। टीजर में एक SUV का धुंधला सिल्हूट दिखाया है, जिसकी टैगलाइन- 'भविष्य पुकार रहा है। क्या आप इस सफर में शामिल होंगे? रखी है। इससे संकेत मिलता है कि कंपनी कार लॉन्च से पहले डीलर नेटवर्क तैयार कर रही है।
लुक
ऐसा है आगामी कार का लुक
टीजर में आगामी JSW मोटर्स SUV का फ्रंट प्रोफाइल दिखाया गया है, जिसमें गोलाकार हाउसिंग के अंदर हॉरिजॉन्टल LED हेडलाइट स्ट्रिप्स और पिक्सेल-आकार के LED फॉग लैंप स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। इसमें एक सीधा बोनट, उभरा हुआ बंपर और व्हील आर्च भी नजर आते हैं, जो जेटूर T2 के समान हैं। लेटेस्ट कार में बाहरी रियरव्यू मिरर (ORVM) थोड़ा अलग है। इसके अलावा, इसमें जेटूर के स्थान पर JSW का बैज लगा होगा और लंबाई 4.7-मीटर होगी।
पावरट्रेन
PHEV होगा पहला मॉडल
JSW की ओर से पेट्रोल इंजन वाले मॉडल के बजाय प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) मॉडल पेश करने का निर्णय एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। भारत में लग्जरी सेगमेंट से बाहर बहुत सीमित संख्या में उपलब्ध PHEV वाहनों के बीच जेटूर T2 i-DM एक विशिष्ट स्थान बनाएगी। इससे कंपनी को वर्तमान में बेचे जा रहे मॉडल्स से सीधी प्रतिस्पर्धा नहीं करनी पड़ेगी। इस कार की शुरुआती कीमत लगभग 45 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) होने की उम्मीद है।