JSW MG मोटर ने पार्थ जिंदल को बनाया चेयरमैन, जानिए क्या है उनका लक्ष्य
क्या है खबर?
JSW MG मोटर ने पार्थ जिंदल को कंपनी का चेयरमैन नियुक्त किया है। कंपनी भारत में अपनी ग्रोथ और स्थानीय स्तर पर उत्पादन की योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाना चाहती है। JSW समूह और चीनी कंपनी SAIC मोटर के बीच संयुक्त उद्यम बनने के समय से ही जिंदल इसके बोर्ड के सदस्य रहे हैं। कंपनी ने बताया कि वे कंपनी की उत्पाद रणनीति, निर्माण के विस्तार और स्थानीयकरण कार्यक्रम को आकार देने में गहराई से शामिल रहे हैं।
जिम्मेदारी
अभी इन कंपनियों की जिम्मेदारी संभालते हैं जिंदल
जिंदल JSW सीमेंट और पेंट्स के प्रबंध निदेशक और JSW डुलक्स के चेयरमैन हैं। वह JSW एनर्जी के बोर्ड में निदेशक, JSW स्पोर्ट्स के संस्थापक और दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन और सह मालिक भी हैं।
यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई, जब JSW MG मोटर नए उत्पादों, इलेक्ट्रिक वाहनों और स्थानीयकरण पर आधारित विस्तार की रणनीति को आगे बढ़ा रही है।
कंपनी भारत में निर्माण क्षमता बढ़ाने और आयातित पार्ट्स पर निर्भरता कम करने के लिए निवेश बढ़ा रही है।
संयुक्त उद्यम
2023 में बनाया गया था संयुक्त उद्यम
JSW समूह और चीन की SAIC मोटर ने 2023 में एक रणनीतिक संयुक्त उद्यम बनाया, जिसमें JSW ने ऑटोमेकर कंपनी में 35 फीसदी हिस्सेदारी ली।
तब से यह साझेदारी न्यू-एनर्जी व्हीकल बाजार में MG मोटर्स की मौजूदगी बढ़ाने पर ध्यान दे रही है।
जिंदल का चेयरमैन बनना भारत में कंपनी के निर्माण और उत्पाद को बढ़ाने की बड़ी कोशिश का हिस्सा है। कंपनी अपने सभी वाहनों में ज्यादा से ज्यादा स्थानीय पार्ट्स का इस्तेमाल करने का लक्ष्य रख रही है।