JSW ग्रुप ने लॉन्च किया AMPSTAR इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल ब्रांड, जानिए क्या-क्या बनाएगी
क्या है खबर?
JSW ग्रुप की इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल कंपनी JSW ग्रीनटेक ने AMPSTAR नाम का एक नया ब्रांड लॉन्च किया है। यह भारत में इलेक्ट्रिक बसें और ट्रक बनाएगा। इसकी घोषणा मंगलवार (22 सितंबर) को मुंबई में की गई। ग्राहक सीधे खरीद, लीजिंग, बैटरी एज ए सर्विस (BaaS), ओनरशिप और ऑपरेटिंग के दूसरे मॉडल्स में से चुन सकेंगे। कंपनी अपनी कमर्शियल मोबिलिटी सर्विस के तहत चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, ऑपरेटिंग सॉल्यूशन, फाइनेंसिंग ऑप्शन और बिक्री के बाद की सर्विस भी देगी।
निर्माण
इस फैक्ट्री में होगा वाहनों का निर्माण
इलेक्ट्रिक बसें और ट्रक महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में JSW ग्रीनटेक की 90 एकड़ की फैक्ट्री में बनाए जाएंगे। इस प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता 15,000 इलेक्ट्रिक बस और ट्रक होगी।
JSW ग्रीनटेक के अनुसार, इस फैक्ट्री में बस बनाने के लिए भारत की पहली प्री-ट्रीटमेंट और इलेक्ट्रो-डिपोजिशन (PT-ED) प्रोसेस होगी।
इसमें ऑटोमेटेड ट्रक-केबिन प्रोडक्शन लाइन और एक इंटीग्रेटेड बैटरी इकोसिस्टम भी शामिल होगा।
खासियत
वाहनों में यह होगी खासियत
कंपनी ने इलेक्ट्रिक ड्राइवट्रेन का बेसिक लॉजिक, सॉफ्टवेयर और एल्गोरिदम खुद ही डेवलप किया है। उसका कहना है कि इससे गाड़ियों को ग्राहकों की जरूरतों के हिसाब से कॉन्फिगर किया जा सकेगा।
AMPSTAR गाड़ियों में ड्यूल-कूलिंग बैटरी सिस्टम और मजबूत मोनोकोक चेसिस होगा। कंपनी ने बताया कि उसकी इलेक्ट्रिक बसें 60 मिनट से भी कम समय में 0 से 100 प्रतिशत तक चार्ज हो सकेंगी।
उसके इलेक्ट्रिक बस और ट्रक की औसत कीमत लगभग 80 लाख रुपये होगी।