
जगुआर टाइप 00 EV कॉन्सेप्ट के भारत में आने की हुई पुष्टि, जानिए इसकी खासियत
क्या है खबर?
टाटा मोटर्स के स्वामित्व वाली जगुआर लैंड रोवर (JLR) अपने चर्चित जगुआर टाइप 00 EV कॉन्सेप्ट को भारत में प्रदर्शित करने की पुष्टि की है। इस मॉडल को 14 जून को मुंबई में प्रदर्शित किया जाएगा। इस इलेक्ट्रिक कॉन्सेप्ट को सबसे पहले पिछले साल के अंत में मियामी में पेश किया गया। इसके बाद इस साल की शुरुआत में पेरिस में दिखाया गया था। यह कार फिलहाल मोनाको में है, जिसके बाद यह म्यूनिख, टोक्यो और मुंबई जाएगी।
लुक
बहुत अलग है कॉन्सेप्ट का लुक
जगुआर टाइप 00 EV कॉन्सेप्ट मॉडल ने लंबे बोनट, ढलान वाली छत के साथ पीछे की ओर सेट केबिन ने दुनियाभर में चर्चा बटोरी है। इसमें पतली हेडलाइट और अनूठी ग्रिल के साथ सीधी और बॉक्सी फेसिया इसे अन्य जगुआर कारों से अलग बनाता है। इस मॉडल में 23-इंच के अलॉय व्हील्स, ग्लासलेस रियर टेलगेट और बॉडी-हार्मोनाइज्ड ग्लेजिंग के साथ पैनोरमिक रूफ है। इसे 2 रंगों- मियामी पिंक और लंदन ब्लू में पेश किया गया।
रेंज
700 किलोमीटर से ज्यादा देती है रेंज
इस मॉडल के इंटीरियर में 3 सामग्रियों- तांबे, ट्रैवर्टीन स्टोन और टेक्सटाइल का उपयोग किया गया है। इसमें डैशबोर्ड से स्पाइन के दोनों ओर घूमने वाली 2 बड़ी स्क्रीन हैं। यह इलेक्ट्रिक कार एक बार चार्ज करने पर 770 किलोमीटर की रेंज के साथ आएगी। अल्ट्रा-फास्ट चार्जिंग क्षमता के साथ इसे केवल 15 मिनट में 321 किलोमीटर तक चार्ज किया जा सकता है। इस कॉन्सेप्ट का 4-डोर उत्पादन वर्जन इस साल के अंत तक वैश्विक स्तर पर दस्तक देगा।