वर्ल्ड परफॉर्मेंस कार का खिताब जीतने वाली हुंडई आयोनिक-6 N की कैसी है रफ्तार?
क्या है खबर?
हुंडई की आयोनिक-6 N ने 2026 के वर्ल्ड परफॉर्मेंस कार के खिताब पर कब्जा कर लिया है। न्यूयॉर्क इंटरनेशनल ऑटो शो में इसकी घोषणा की गई। इसने BMW M2 CS और शेवरले कॉर्वेट E-रे सहित कई गाड़ियों को पछाड़कर यह प्रतिष्ठित खिताब हासिल किया है। यह कार निर्माता की वर्ल्ड परफॉर्मेंस कार श्रेणी में दूसरी जीत है। इससे पहले आयनिक-5 N ने 2024 में यह पुरस्कार जीता था। आइये जानते हैं हुंडई आयोनिक-6 N रफ्तार के मामले में कैसी है।
प्रदर्शन
ऐसा है आयोनिक-6 N का प्रदर्शन
आयोनिक-6 N एक ड्यूल मोटर इलेक्ट्रिक ड्राइवट्रेन पर आधारित है, जो अस्थायी बूस्ट फंक्शन सक्रिय होने पर 478kW तक की पावर उत्पन्न करता है। यह 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार लगभग 3.2 सेकेंड में पकड़ लेती है। कार में 84kWh की बैटरी भी लगी है, जिसकी फास्ट-चार्जिंग क्षमता 20 मिनट से कम समय में 10-80 प्रतिशत तक चार्ज करने की सुविधा देती है। इनमें सिम्युलेटेड गियर शिफ्ट और पेट्रोल-डीजल कारों जैसी आवाज पैदा करने के लिए कृत्रिम ध्वनि प्रोफाइल शामिल है।
चयन
ऐसे किया गया विजेता का चयन
इस पुरस्कार की पात्रता के लिए किसी भी कार का वार्षिक उत्पादन 1,000 से अधिक होना चाहिए और वह कम से कम 2 प्रमुख वैश्विक बाजारों में अलग-अलग महाद्वीपों पर उपलब्ध होनी चाहिए। विजेताओं का चयन 33 देशों के 98 अंतरराष्ट्रीय ऑटोमोटिव पत्रकारों की एक जूरी द्वारा किया गया। आयोनिक-6 N ने शुरुआती दौर में 20 दावेदारों में से जीत हासिल की और आखिर में BMW M2 CS और शेवरले कॉर्वेट E-रे को पछाड़ कर खिताब अपने नाम किया।