हुंडई आयोनिक-5 फेसलिफ्ट भारत में लॉन्च, पहले से ज्यादा देगी रेंज
क्या है खबर?
हुंडई मोटर कंपनी ने भारत में अपडेटेड आयोनिक-5 को लॉन्च कर दिया है। इस इलेक्ट्रिक SUV में बैटरी, डिजाइन, तकनीक और सुरक्षा से संबंधित कई बदलाव किए हैं। इस फेसलिफ्ट इलेक्ट्रिक क्रॉसओवर में बड़ी बैटरी, बेहतर डिजाइन, नई तकनीक और उन्नत सुरक्षा सुविधाएं दी गई हैं। इसमें पहले की 72.6kWh की जगह नई 84kWh बैटरी दिया है। यह ARAI द्वारा प्रमाणित 690 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम है, जो पहले की 630 किलोमीटर से अधिक है।
बदलाव
अंदर-बाहर किए हैं ये बदलाव
अपडेटेड हुंडई आयोनिक-5 में पैरामीट्रिक पिक्सेल स्टाइलिंग को बरकरार रखते हुए कुछ कॉस्मेटिक बदलाव किए गए हैं, जिससे इसका लुक और भी आकर्षक हो गया है। इनमें नए सिरे से डिजाइन किए गए फ्रंट और रियर बंपर, बदली हुई स्किड प्लेट्स, नए अलॉय व्हील्स, अपडेटेड रियर स्पॉइलर और नई V-आकार की लाइटिंग शामिल हैं। केबिन के अंदर अब केवल ऑब्सीडियन ब्लैक थीम दी गई है, जो पहले के हल्के इंटीरियर विकल्प की जगह लेता है।
फीचर
इन सुविधाओं से लैस है नई आयोनिक-5
केबिन में 3 स्पोक वाले स्टीयरिंग व्हील को नया रूप दिया गया है और इसमें हुंडई का रोशन 4 डॉट वाला डिजाइन और हीटिंग फंक्शन दिया गया है। इंफोटेनमेंट और इंस्ट्रूमेंटेशन के लिए ड्यूल 12.3-इंच का डिस्प्ले पहले की तरह ही हैं, वहीं वायरलेस चार्जिंग पैड की जगह बदल दी गई है और अब इसमें हीटेड और वेंटिलेटेड सीट्स के लिए फिजिकल कंट्रोल भी शामिल हैं। वायरलेस ऐपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो भी नए फीचर्स के रूप में जोड़े हैं।
कीमत
कितनी है नई आयोनिक-5 की कीमत?
नई हुंडई आयोनिक-5 में नए सुरक्षा फीचर्स में पार्किंग कोलिजन अवॉइडेंस असिस्टेंस, रियर और साइड पार्किंग डिस्टेंस वार्निंग शामिल किए हैं, जो ADAS फंक्शंस की मौजूदा सूची को और बेहतर बनाते हैं। इसे भारतीय बाजार में 55.7 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर लॉन्च किया गया है। आयनिक-5 देश में हुंडई की प्रमुख इलेक्ट्रिक कार बनी हुई है और प्रीमियम इलेक्ट्रिक क्रॉसओवर सेगमेंट में किआ EV6, BYD सीलियन 7, वोल्वो EX40 और BMW iX1 को टक्कर देती है।