हुंडई बेयोन SUV भारत में लॉन्च, जानिए फीचर्स और कीमत
क्या है खबर?
हुंडई मोटर कंपनी ने नई बेयोन को भारतीय बाजार में लाॅन्च कर दिया है। भारत में बनी इस SUV को 50 से ज्यादा बाजारों में निर्यात भी किया जाएगा। इसमें नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ कनेक्टेड टेक्नोलॉजी और ड्राइवर असिस्टेंस फीचर्स दिए हैं। कंपनी के लाइनअप में यह हुंडई क्रेटा के नीचे रहेगी। यह 7 वेरिएंट- HX2, HX3, HX3+, HX5, HX6, HX8 और HX10 में उपलब्ध होगी और 6 सिंगल-टोन, 2 ड्यूल-टोन और 2 मैट रंग विकल्पों में आएगी।
लुक
ऐसा है नई गाड़ी का लुक
आयाम की बात करें तो हुंडई बेयोन की लंबाई 4,245mm, चौड़ाई 1,810mm, ऊंचाई 1,605 mm, व्हीलबेस 2,600mm और बिना लोड के ग्राउंड क्लीयरेंस 205mm है।
लेटेस्ट कार के एक्सटीरियर में H-शेप वाले LED DRLs और टेल लैंप, ड्यूल LED प्रोजेक्टर हेडलैंप, रूफ रेल्स और 17-इंच के डायमंड-कट अलॉय व्हील्स शामिल हैं।
अंदर की तरफ, इस SUV में ब्लैक और ऑलिव-ग्रे थीम दी गई है। साथ ही इसमें लेदरेट अपहोल्स्ट्री और एम्बिएंट लाइटिंग भी मिलती है।
फीचर
कनेक्टिविटी फीचर्स की भरमार
इसमें हुंडई का पहला इन-बिल्ट जेनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वॉयस असिस्टेंट, 500 से अधिक इनबिल्ट वॉयस कमांड, बोस साउंड सिस्टम मिलता है।
कनेक्टेड कार नेविगेशन कॉकपिट (ccNC) में 12.3-इंच के 2 डिस्प्ले हैं, जिन्हें एक कर्व्ड पैनोरमिक लेआउट में लगाया गया है।
कनेक्टिविटी सुविधाओं में 70 से अधिक ब्लूलिंक फंक्शन और 19 व्हीकल कंट्रोलर्स के लिए OTA अपडेट का सपोर्ट शामिल है। सुरक्षा के लिए 6 एयरबैग, रोलओवर सेंसर समेत 35 से ज्यादा फीचर्स और लेवल-2 प्रो ADAS दिया है।
पावरट्रेन
कितना शक्तिशाली है बेयोन का इंजन?
गाड़ी में 1,497cc का 4-सिलेंडर MPi पेट्रोल इंजन लगा है, जो 6,300rpm पर 115PS की पावर और 4,500rpm पर 143.8Nm का टॉर्क जनरेट करता है।
ट्रांसमिशन के लिए 6-स्पीड मैनुअल और इंटेलिजेंट वेरिएबल ट्रांसमिशन (iVT) विकल्प हैं। iVT वर्जन में डैश बूस्ट मोड दिया है, जो ओवरटेकिंग के दौरान गाड़ी के रिस्पॉन्स को बेहतर बनाता है।
इसके अलावा, तेज एक्सीलरेशन के लिए इसमें स्पोर्टी ड्राइव टेक भी शामिल है। इसकी शुरुआती कीमत 10 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है।