बारिश के बाद भी अच्छी स्थिति में बनी रहेगी आपकी कार, जरूर करा लें ये काम
क्या है खबर?
मानसून की बारिश कार के लिए कई तरह की परेशानियां लेकर आता है। लगातार बारिश, पानी से भरी सड़कें और नमी की वजह से टायर, ब्रेक, वाइपर और इलेक्ट्रिकल पार्ट्स पर असर पड़ सकता है। अगर, आप कार को लंबे समय तक अच्छी स्थिति में रखना चाहते हैं तो ऐसे में मानसून खत्म होने से पहले कार की देखभाल करना जरूरी है। आइए जानते हैं मानसून खत्म होने से पहले कार में क्या काम करना जरूरी है।
सफाई
अंदरूनी हिस्सों की सफाई जरूरी
बारिश के दौरान कार के नीचे की तरफ मिट्टी, कीचड़ और गंदगी जमा हो जाती है। इससे वहां जंग लगने का खतरा रहता है।
मानसून खत्म होने से पहले बाहर, पहियों और निचले हिस्से की सफाई कराना अच्छा रहता है। बारिश के दौरान जूते या कपड़ों के साथ पानी अंदर जा सकता है।
लंबे समय तक नमी रहने पर बदबू-फंगस की समस्या हो सकती है। मैट-कारपेट को अच्छी तरह सुखाएं और सफाई करें और केबिन एयर फिल्टर भी चेक कराएं।
चेक
इन पार्ट्स को चेक करना जरूरी
मानसून के दौरान टायरों की ग्रिप कम होने लगती है। टायरों में हवा का दबाव चेक करें और ट्रेड भी देखें। टायर ज्यादा घिस चुके हैं तो उन्हें बदलने पर विचार भी किया जा सकता है।
ब्रेक से कोई अजीब आवाज आ रही है या कमजोर हो गए हैं तो इसकी जांच कराएं।
बैटरी टर्मिनल पर लगी जंग या सफेद पाउडर को साफ करें। साथ ही हेडलाइट, इंडिकेटर और ब्रेक लाइट, वाइपर ब्लेड भी चेक कर मरम्मत कराएं।