Page Loader
गाड़ी के क्रोम हिस्सों पर लग गई जंग? हटाने के लिए अपनाएं घरेलू तरीका 
गाड़ी के क्रोम हिस्सों लगी जंग को घरेलू उपाय से हटा सकते हैं (तस्वीर: अनस्प्लैश)

गाड़ी के क्रोम हिस्सों पर लग गई जंग? हटाने के लिए अपनाएं घरेलू तरीका 

May 06, 2025
07:11 pm

क्या है खबर?

गाड़ियों में आमतौर पर क्रोम का उपयोग अन्य धातुओं पर चमकदार या सुरक्षात्मक कोटिंग के लिए किया जाता है। यह क्रोमियम की एक पतली परत होती है। इसके नीचे धातु होने के कारण इस पर जंग लगना आम बात है, जिससे वह पार्ट भद्दा नजर आने लगता है। कई बार जंग के कारण क्रोम उखड़ सकता है। आज हम आपको कुछ घरेलू उपाय बता रहे हैं, जिनकी मदद से कार के क्रोम पर पर लगी जंग हटाई जा सकती है।

सामग्री 

इस सामग्री के उपयोग से साफ हो जाएगी जंग

कार के क्रोम हिस्सों पर लगी जंग हटाने के लिए एक आसान और कम लागत वाला तरीका एल्युमिनियम फॉइल का इस्तेमाल है। एल्युमिनियम जंग के साथ रासायनिक रूप से प्रतिक्रिया करता है, जिसके कारण एक ऐसी सामग्री बनती है। इसे आसानी से पोंछकर या रगड़ कर हटाया जा सकता है। एल्युमिनियम अधिकांश धातुओं की तुलना में नरम होता है। इस कारण यह क्रोम या उसके नीचे की धातु की सतह पर खरोंच पैदा नहीं करता है।

तरीका 

इस तरह से हटाएं जंग

क्रोम पर लगी जंग साफ करने से पहले वहां लगी गंदगी और मलबे को साबुन के पानी से साफ करें। इससे आपको जंग लगे क्षेत्रों का पता लगाने में आसानी होगी। ज्यादा जंग लगे स्थान पर सिरका या अन्य हल्का एसिड लगाने के बाद एल्युमिनियम फॉइल को खारे पानी में डुबोने के बाद वहां रगड़ें। जब तक जंग पूरी तरह साफ नहीं हो जाती है, तब तक इसे आगे-पीछे रगड़ते रहें। इसके बाद इसे पानी से धोकर पौंछ दें।