बारिश के मौसम में कार का AC कैसे रखें फिट? अपनाएं ये आसान तरीके
क्या है खबर?
मानसून शुरू होते ही कई कार मालिकों को AC से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। AC से सीलन जैसी बदबू आना, विंडशील्ड पर धुंध जमना, कूलिंग कम होना और केबिन में नमी महसूस होना सबसे आम समस्याएं हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इसका मतलब हमेशा AC खराब होना नहीं होता। बारिश के मौसम में बढ़ी हुई नमी सिस्टम पर असर डालती है। कुछ आसान सावधानियां, नियमित देखभाल और समय पर जांच अपनाकर इन समस्याओं से बचा जा सकता है।
#1
धुंध जमने पर क्या करें?
बारिश के दौरान बाहर की गर्म और नम हवा तथा कार के अंदर की ठंडी हवा के कारण विंडशील्ड पर धुंध जम जाती है।
इससे ड्राइविंग के दौरान सामने का रास्ता साफ दिखाई नहीं देता है। ऐसी स्थिति में पंखे की स्पीड कम रखें, हवा का रुख विंडशील्ड की ओर करें और रीसर्कुलेशन की जगह ताजी हवा वाला मोड चालू करें।
कुछ मिनट AC चलाने से केबिन की नमी कम होगी और धुंध जल्दी साफ हो जाएगी।
#2
सीलन की बदबू से ऐसे बचें
अगर AC से सीलन जैसी बदबू आने लगे तो इसकी वजह इवैपोरेटर पर जमा नमी, धूल और बैक्टीरिया हो सकते हैं।
बारिश के मौसम में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है और समय के साथ बढ़ भी सकती है। अगर पानी बाहर निकालने वाली ड्रेन ट्यूब बंद हो जाए तो परेशानी और बढ़ सकती है।
ऐसे में समय-समय पर सिस्टम की जांच कराएं, सफाई करवाएं और जरूरत पड़ने पर जरूरी पार्ट्स भी बदलवाएं, ताकि AC साफ रहे।
#3
इन आसान तरीकों से रहेगा AC बेहतर
अगर कार का AC पहले जितनी ठंडी हवा नहीं दे रहा है या बदबू आने लगी है, तो केबिन एयर फिल्टर की जांच कराएं।
लगभग 12,000 से 15,000 किलोमीटर चलने के बाद इसे बदलना बेहतर माना जाता है। इसके अलावा, कार पार्क करने से पहले AC बंद करके करीब एक मिनट केवल पंखा चलाएं।
इससे अंदर की नमी सूख जाएगी, बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया नहीं पनपेंगे और AC लंबे समय तक बेहतर तरीके से काम करता रहेगा।