रात में सड़क की चकाचौंध के बीच कार चलाना बड़ी चुनौती, इन तरीकों को अपनाएं
क्या है खबर?
कई लोगों को दिन के बजाय रात के समय अपनी कार से सफर करना पसंद होता है। कम ट्रैफिक के कारण सड़क खाली रहने से यह निर्णय अच्छा तो होता है, लेकिन इसमें कुछ परेशानियां भी सामने आती हैं। सबसे ज्यादा मुश्किल सड़क पर दौड़ते वाहनों की चकाचौंध भरी रोशनी हादसे का कारण बन जाती है। आइए जानते हैं रात के समय होने वाली इस तरह की समस्या से किस तरह से निपटा जा सकता है।
लाइट्स
सही स्थिति में रखें लाइट्स
अगर, आप रात के समय कार से सफर करते हैं तो इस बात का ध्यान रखें कि उसकी सभी लाइट्स सही तरह से काम करें। कोई कमी हुई तो परेशानी तो होगी ही साथ ही आपकी सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाएगी।
अंधेरी सड़क पर गाड़ी चलाने के लिए हेडलाइट्स के साथ ही टेल लाइट्स भी उतनी ही जरूरी हैं।
टेल लाइट खराब हुई तो पीछे से आने वाले वाहन चालकों को आपकी गाड़ी की मौजूदगी का पता नहीं चलेगा।
दृश्यता
सड़क पर साफ दिखाई देना भी जरूरी
रात में ड्राइविंग करते समय चालक को सड़क पर साफ दिखना काफी जरूरी होता है। दृश्यता में कमी हुई तो खतरा बढ़ जाता है। इसलिए हेडलाइट्स के साथ-साथ विंडशील्ड को अच्छी तरह से साफ रखें।
इसके लिए अच्छी गुणवत्ता के कपड़े का उपयोग किया जा सकता है। गंदी विंडशील्ड पर दूसरे वाहन की रोशनी पड़ने पर वह फैलकर चकाचौंध पैदा करती है।
सड़क खाली मिलने पर रफ्तार तेज रखने से आप मुश्किल परिस्थिति में गाड़ी से नियंत्रण खो सकते हैं।