
होली पर पक्के रंगों से खराब हो गई कार? जानिए घर पर कैसे करें साफ
क्या है खबर?
देश में होली का पर्व 14 मार्च को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर खुशियां बांटते हैं।
इस दौरान लोग रंग डालते समय आस-पास का ध्यान रखना भूल जाते हैं। इससे आस-पास खड़ी आपकी महंगी कार रंग-गुलाब के लपेटे में आ जाती है। इससे आपकी महंगी गाड़ी भद्दी नजर आने लगती है।
आज हम आपको ऐसा तरीका बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप घर पर ही कार के रंग आसानी से हटा सकते हैं।
वॉशिंग पाउडर
सबसे आसान हैं ये तरीके
कार पर लगे पक्के रंगों को साफ करने के लिए वॉशिंग पाउडर को पानी में मिलाकर एक पेस्ट बना लें और इसे रंग लगे हिस्सों पर लगा दें। कुछ देर लगे रहने के बाद इसे पानी से अच्छे से धो लें।
इसकी जगह बेकिंग सोडा और पानी के मिश्रण का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इस पेस्ट को लगाकर हल्के हाथ से धीरे-धीरे रगड़ कर साफ करें।
ये तरीके कार पेंट को नुकसान पहुंचाए बिना रंग हटाने में सहायक है।
गहरा रंग
गहरों रंगों के लिए कारगर हैं ये तरीके
होली का रंग कार पर बहुत गहरा या स्थायी हो गया है तो उसे हटाने के लिए कोल्ड क्रीम या बेबी ऑयल का इस्तेमाल कर सकते हैं।
इन्हें उस स्थान पर लगाकर छोड़ दें, जिससे रंग की सतह नर्म पड़ जाएगी। फिर इसे कपड़े के साथ हल्के हाथ से रगड़कर साफ कर पानी से धो लें।
इसके अलावा एक कप पानी में एक चम्मच सफेद सिरका मिलाकर बने मिश्रण से भी रंग को अच्छे से साफ कर सकते हैं।
इंटीरियर
कैसे साफ करें इंटीरियर?
कार के शैंपू का इस्तेमाल करके भी आप गाड़ी से रंग आसानी से हटा सकते हैं। इसके लिए आपको वॉशिंग ग्लव्स या सॉफ्ट स्पंज पर शैंपू लगाकर रंग लगे स्थान पर रगड़ने के बाद पानी से धो लें।
केबिन में जमा गुलाल को हटाने के लिए सीट, कालीन और फ्लोर मैट को वैक्यूम क्लीनर से साफ कर सकते हैं।
इसके अलावा डैशबोर्ड, डोर पैनल और अन्य सतहों को साफ करने के लिए इंटीरियर क्लीनर की मदद ले सकते हैं।