बारिश में धुंधली नहीं होगी कार हेडलाइट्स की रोशनी, घरेलू तरीकों से करें साफ
क्या है खबर?
बारिश के मौसम में सड़क पर साफ दिखाई देना बहुत जरूरी होता है। रात में ड्राइविंग करते समय कार की हेडलाइट्स साफ होने से हादसे का खतरा कम हो जाता है। समय के साथ हेडलाइट्स पर धूल, ग्रीस, पानी और नमी जमने से लेंस पर एक धुंधली परत बन सकती है और रोशनी पहले जैसी साफ नहीं रहती। आप इन्हें बिना सर्विस सेंटर पर जाए चमका सकते हैं। आइए जानते हैं इन्हें साफ करने के घरेलू तरीके क्या हैं।
सफेद धब्बे
सिरका सफेद धब्बों को हटाने में करेगा मदद
रोजाना जमने वाली धूल-गंदगी हटाने के लिए हल्का डिश सोप और गर्म पानी के घोल में माइक्रोफाइबर कपड़े को भिगोकर हेडलाइट की सतह को धीरे-धीरे साफ करें।
इसके बाद साफ पानी से धोकर दूसरे कपड़े से अच्छी तरह सुखा दें।
बारिश का पानी हेडलाइट पर सफेद या धुंधले दाग छोड़ देता है। इसे सफेद सिरका और पानी की बराबर मात्रा में मिले घोल को कपड़े से लेंस पर लगाएं और पानी से धोकर दूसरे कपड़े से सुखा दें।
चिकनाई के धब्बे
चिकनाई के धब्बों को हटाने में कारगर होगा बेकिंग सोडा
अगर, हेडलाइट पर हल्की धुंध या ऑक्सीडेशन दिखाई दे रहा है तो बेकिंग सोडा और थोड़े पानी से बना पेस्ट मुलायम कपड़े से लेंस पर लगाएं और हल्के हाथ से छोटे-छोटे गोल घुमाते हुए रगड़ें।
इसके बाद हेडलाइट को साफ पानी से धोकर अच्छी तरह सुखा लें।
कभी-कभी सड़क पर इस्तेमाल होने वाले स्प्रे या दूसरी चीजों की वजह से हेडलाइट पर तेल जैसी परत जम जाती है। इसे डाइल्यूटेड आइसोप्रोपिल अल्कोहल से साफ किया जा सकता है।