Page Loader
हीरो और होंडा के बीच पिछले साल घटा बिक्री में अंतर, जानिए आंकड़े 
हीरो और होंडा एक-दूसरे से बिक्री में मुकाबला कर रही हैं

हीरो और होंडा के बीच पिछले साल घटा बिक्री में अंतर, जानिए आंकड़े 

Jan 12, 2025
01:13 pm

क्या है खबर?

हीरो मोटोकॉर्प और होंडा की साझेदारी खत्म होने के बाद से दोनों बिक्री में एक-दूसरे को पछाड़ने में लगी हुई हैं। जापानी कंपनी की तुलना में हीरो हमेशा बिक्री में आगे रहती है, लेकिन बीते 2024 में दोनों के बीच अंतर काफी कम रह गया है। दोनों की बिक्री का अंतर घटकर महज 1.09 लाख दोपहिया वाहनों का रह गया है। यह अंतर 2023 में 11.14 लाख रहा था। हीरो कम्यूटर बाइक और होंडा कम्यूटर स्कूटर सेगमेंट में आगे है।

बिक्री आंकड़ा 

ऐसे रहे हैं दोनाें कंपनियों के बिक्री आंकड़े

हीरो ने पिछले साल 59.11 लाख दोपहिया वाहन बेचे हैं, जो 2023 में बेचे गए 54.99 लाख बाइक-स्कूटर की तुलना में सालाना 7.48 फीसदी ज्यादा है। इसमें से घरेलू बाजार में 56.57 लाख और 2.53 लाख का निर्यात किया गया है। दूसरी तरफ होंडा ने 2024 में 58.01 लाख दोपहिया वाहन बेचे हैं, जाे 2023 में बेचे 43.84 लाख की तुलना में 32.32 फीसदी अधिक है। इनमें 52.92 लाख भारतीय बाजार में और 5.08 लाख का निर्यात शामिल है।

योजना 

दोनों कंपनियां कर रही पोर्टफोलियो का विस्तार 

दोनों कंपनियों की बिक्री में अंतर 1 लाख से थोड़ा अधिक होने से पता चलता है कि होंडा तेजी से बाजार हिस्सेदारी हासिल कर रही है और कम्यूटर स्कूटर के साथ कम्यूटर मोटरसाइकिल सेगमेंट में अपनी उपस्थिति बढ़ा रही है। दूसरी ओर, हीरो मोटोकॉर्प जल्द ही नई जनरेशन का डेस्टिनी 125 लॉन्च करने के साथ स्कूटर सेगमेंट में अपना दबदबा बढ़ाने की तैयारी कर रही है। साथ ही वह एक्सट्रीम 250R बाइक और जूम 160 स्कूटर भी ला रही है।