हादसे के वक्त टेस्ला कार में चालू था फुल सेल्फ ड्राइविंग मोड, रिकॉर्ड से हुई पुष्टि
क्या है खबर?
न्यू जर्सी के बुएना विस्टा टाउनशिप में एक टेस्ला मॉडल 3 से हुई दुर्घटना में सामने आया है कि हादसे के वक्त उसमें फुल सेल्फ ड्राइविंग या ऑटोपायलट मोड चालू था। दूसरी तरफ, पुलिस ने इसे ऐसी कार का मामला बताया, जो रुकी नहीं थी। किसी ने यह नहीं बताया कि टेस्ला के अपने डाटा के अनुसार, कार का ड्राइवर-असिस्ट सिस्टम चालू था। इससे कार निर्माता की यह तकनीक फिर से विवादों में आ गई है।
हादसा
कैसे हुआ था हादसा?
न्यू जर्सी राज्य पुलिस के प्रवक्ता जेफरी लेब्रोन ने बताया कि एक टेस्ला मॉडल 3 स्टॉप साइन पर नहीं रुकी और उसने बाएं मुड़ रही होंडा सिविक को टक्कर मार दी।
इस हादसे में सिविक चालक 82 वर्षीय स्टीफन फील्ड की मौत हो गई। किसी भी रिपोर्ट में ऑटोपायलट, फुल सेल्फ-ड्राइविंग या किसी ड्राइवर-असिस्ट सिस्टम का जिक्र नहीं था।
लोगों को तो यही पता था कि यह इंसानी गलती की वजह से हुआ एक आम हादसा था।
रिपोर्ट
टेस्ला की रिपोर्ट में हुआ खुलासा
इलेक्ट्रेक की रिपोर्ट के अनुसार, नेशनल हाईवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन (NHTSA) के एक आदेश के तहत कार निर्माताओं को उन दुर्घटनाओं की रिपोर्ट देनी होती है, जिनमें टक्कर से 30 सेकेंड पहले लेवल-2 ड्राइवर-असिस्ट सिस्टम चालू था।
टेस्ला ने इस मामले में रिपोर्ट दी, जिसमें कार को 2019 मॉडल 3 बताया और ऑटोमेशन के 'एंगेजमेंट स्टेटस' को 'वेरिफाइड एंगेज्ड' (चालू होने की पुष्टि) के तौर पर दिखाया है।
इसका मतलब है कि हादसे के वक्त ऑटोपायलट सिस्टम चालू था।