फरवरी में बिकीं 13,000 से ज्यादा इलेक्ट्रिक कारें, जानिए कौनसी कंपनी सबसे आगे
क्या है खबर?
फरवरी में विभिन्न निर्माताओं ने 13,669 इलेक्ट्रिक कारें बेची हैं। यह पिछले साल इसी महीने की 9,479 बिक्री की तुलना में 44 फीसदी अधिक है। जनवरी की तुलना में यह बिक्री धीमी रही है, क्योंकि इस दौरान 18,993 EVs बेची गई, जो मासिक आधार पर 28 प्रतिशत की गिरावट है। पिछले महीने की बिक्री जून, 2025 के बाद से इलेक्ट्रिक वाहनों की सबसे कम मासिक बिक्री है। आइये जानते हैं पिछले महीने किस कंपनी ने सबसे ज्यादा EV बेची।
टाटा मोटर्स
टाटा ने बेची 5,500 से ज्यादा गाड़ियां
टाटा मोटर्स ने फरवरी में 5,558 इलेक्ट्रिक कार बेची, जो पिछले साल इसी महीने बेची गई 4,002 कारों की तुलना में 39 प्रतिशत अधिक है। वित्त वर्ष 2026 के 11 महीनों में कंपनी की कुल बिक्री 69,765 हो गई है। JSW MG मोटर्स 3,310 कारें बेचकर दूसरे पायदान पर रही है, लेकिन यह आंकड़ा फरवरी, 2025 के 3,489 से सालाना 5 फीसदी कम है। पिछले 11 महीनों में इसकी कुल बिक्री 47,567 हो गई है।
तीसरा नंबर
तीसरे पायदान पर पहुंची महिंद्रा
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने फरवरी में 2,913 इलेक्ट्रिक SUV बेचकर तीसरा स्थान हासिल किया। यह फरवरी, 2025 में बिकीं 508 के मुकाबले 473 प्रतिशत की वृद्धि है। 11 महीनों में कुल बिक्री 36,673 तक पहुंच गई। विनफास्ट ने 384, BYD ने 306, हुंडई ने 304, किआ मोटर्स ने 295 और मारुति सुजुकी ने 214 इलेक्ट्रिक कारें बेची हैं। लग्जरी इलेक्ट्रिक कार सेगमेंट में 372 की बिक्री रही है और इसमें से 245 बिक्री हासिल कर BMW अग्रणीय रही है।