Page Loader
#NewsBytesExplainer: होंडा सिटी सालों से सेडान सेगमेंट में कर रही राज, जानिए इस गाड़ी का सफर  
पढ़िए होंडा सिटी का सफर (तस्वीर: होंडा)

#NewsBytesExplainer: होंडा सिटी सालों से सेडान सेगमेंट में कर रही राज, जानिए इस गाड़ी का सफर  

लेखन अविनाश
May 30, 2023
05:40 pm

क्या है खबर?

जापान की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी होंडा भारतीय बाजार में कई दमदार गाड़ियों की बिक्री के लिए जानी जाती है। होंडा सिटी देश में उपलब्ध कंपनी की एक बेहतरीन कार है। वर्तमान में यह सेडान सेगमेंट में सबसे अधिक बिकने वाले मॉडलों में से एक है। यह गाड़ी 25 सालों से देश में अपनी पकड़ बनाए हुए है और आज भी ग्राहकों के बीच इस गाड़ी का जबरदस्त क्रेज है। आइये इस कार की कहानी जानते हैं।

लॉन्च

1998 में पहली बार लॉन्च हुई थी होंडा सिटी 

होंडा सिटी को सबसे पहले 1998 में लॉन्च किया गया था। यह पहली जनरेशन की सिटी कार थी। कंपनी ने इसमें 1.3-लीटर और 1.5-लीटर इंजन का इस्तेमाल किया था। यह हुंडई एक्सेंट,फोर्ड एस्कॉर्ट और ओपल कोर्सा जैसी गाड़ियों को टक्कर देने में सक्षम थी। सिटी ने भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाली प्रीमियम सेडान कार के रूप में पहचान बनाई है। देश में इस मॉडल की करीब 59,378 यूनिट्स की बिक्री हुई थी।

सफर

कब-कब अपडेट हुई होंडा सिटी?

लॉन्च होने के बाद 2003 में इस सेडान को पहला अपडेट मिला और इसमें अधिक पावरफुल 1.5-लीटर i-DSI इंजन जोड़ा गया। इसके बाद 2005 में कंपनी ने सिटी की दूसरी जनरेशन का मॉडल लॉन्च किया। 2008 में कंपनी ने इसके फ्रंट लुक को अपडेट कर तीसरे जनरेशन का मॉडल लॉन्च किया। 2012 में इस गाड़ी का CNG मॉडल लॉन्च हुआ। बाद में 2014 में कंपनी ने चौथी जनरेशन और 2020 में पांचवीं जनरेशन मॉडल को भारत में उतारा।

सफलता

क्यों सफल हुई होंडा सिटी? 

भारतीय बाजार में इस गाड़ी के सफल होने के 4 मुख्य कारण हैं- लुक- प्रीमियम लुक के कारण सिटी ने ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित किया। आरामदायक केबिन- 1998 में लॉन्च हुई यह गाड़ी बेहद आरामदायक केबिन के साथ आती थी। फीचर्स- पावर स्टेयरिंग और AC जैसे फीचर्स के कारण ग्राहकों ने इसे खूब पसंद किया। कीमत- होंडा सिटी देश में उपलब्ध एक मजबूत गाड़ी थी और उस समय इसे मात्र 5.75 लाख रुपये में लॉन्च किया गया था।

बिक्री

हर महीने होती है इतनी यूनिट्स की बिक्री

होंडा सिटी भारत में कंपनी की पहली गाड़ी थी और अब तक देश में इसकी 9.5 लाख से अधिक यूनिट्स की बिक्री हो चुकी है। औसतन हर महीने इस गाड़ी की 5,000 से 6,000 यूनिट्स की बिक्री करती है। अप्रैल, 2023 में इसकी 5,186 यूनिट्स की बिक्री हुई थी। BS6 फेज-II मानकों के लागू होने से पहले ही साल 2022 में कंपनी ने होंडा सिटी की चौथी जनरेशन का मॉडल बंद कर दिया था।

लुक

कैसी दिखती है होंडा सिटी सेडान कार? 

होंडा सिटी को आकर्षक डिजाइन दिया गया है, जिसमें एक स्लोपिंग छत, ब्लैक-आउट ग्रिल, बूट लिड पर e:HEV बैजिंग और DRL के साथ स्मूथ LED हेडलैम्प दिए गए हैं। कार के किनारों पर ब्लैक-आउट बी-पिलर्स, इंडिकेटर-माउंटेड ORVMs, शार्प बॉडी लाइन्स और मल्टी-स्पोक अलॉय व्हील्स भी उपलब्ध है। डाइमेंशन की बात करें तो इसका व्हीलबेस 2,600mm और ग्राउंड क्लियरेंस 165mm है। पीछे की तरफ इसमें एक शार्क फिन एंटीना, LED टेललाइट्स और नए डिजाइन के बंपर दिए गए हैं।

इंजन

हाइब्रिड इंजन के साथ आती है होंडा सिटी

चौथी जनरेशन की सिटी 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन पर चलती है जो 117.6hp की पावर और 145Nm का टॉर्क जनरेट करता है। पांचवीं जनरेशन की कार हाइब्रिड तकनीक के साथ 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन (119.35hp/145Nm) के विकल्प में आती है। ट्रांसमिशन का ध्यान रखते हुए इंजन को 5/6-स्पीड मैनुअल या CVT गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। पिछले साल ही कंपनी ने इसका नया वेरिएंट में लॉन्च किया गया है जो 26.5 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देती है।

फीचर्स

होंडा सिटी में मिलता है ADAS तकनीक

होंडा सिटी में 5-सीटर वाला बड़ा केबिन मिलता है, जिसमें ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल, एडजस्टेबल लेदर की सीटें, रियर AC वेंट और मल्टीफंक्शनल पावर स्टीयरिंग व्हील दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए कार में 6 एयरबैग, एक रियर-व्यू कैमरा, ADAS तकनीक, क्रैश सेंसर, EBD के साथ एंटी ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) और इंजन इम्मोबिलाइजर जैसे फीचर्स दिए गए हैं। कार में मिरर लिंक सहित नई कनेक्टिविटी सुविधाओं को सपोर्ट करने वाला एक TFT टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट पैनल भी दिया गया है।

जानकारी

क्या है इस गाड़ी की कीमत?

भारतीय बाजार में पांचवीं जनरेशन होंडा सिटी मॉडल की कीमत 11.58 लाख से 15.63 लाख रुपये के बीच है। वहीं सिटी E:HEV की कीमत 18.89 लाख रुपये (सभी कीमतें, एक्स-शोरूम) से शुरू है।