Page Loader
डुकाटी पैनिगेल V4 और BMW S 1000 RR में से कौनसी है बेहतर? तुलना से समझिये 
2025 डुकाटी पैनिगेल V4 भारत में BMW S 1000 RR से मुकाबला करेगी

डुकाटी पैनिगेल V4 और BMW S 1000 RR में से कौनसी है बेहतर? तुलना से समझिये 

Mar 05, 2025
06:07 pm

क्या है खबर?

डुकाटी ने भारत में 2025 पैनिगेल V4 को लॉन्च कर दिया है। इसे 2 वेरिएंट- स्टैंडर्ड और S में पेश किया गया है और यह 4 रंग- रेड, यलो, ब्लैक और गोल्ड रंगों में उपलब्ध होगी। इस बाइक के लिए बुकिंग पहले ही खोल दी गई थी और पहला बैच बिक चुका है। यह मोटरसाइकिल भारतीय बाजार में नई BMW S 1000 RR से मुकाबला करेगी। बाइक्स की तुलना से समझते हैं दोनों में कौन-सी आपके लिए बेहतर है।

लुक 

ऐसा है दोनों बाइक्स का लुक 

नई पैनिगेल V4 में बदले आकार की नई LED हेडलाइट, इंटीग्रेटेड विंगलेट्स के साथ साइड फेयरिंग, नई LED टेललाइट के साथ नया टेल सेक्शन मिलता है। इसके साथ ही अधिक स्थिरता के लिए नया दो तरफा स्विंग आर्म भी दिया गया है। ऑटो एक्सपो 2025 में लॉन्च हुई BMW S 1000 RR अधिक शार्प दिखती है, जिसमें बड़े विंगलेट्स हैं, जो अधिक डाउनफोर्स उत्पन्न करते हैं। साइड फेयरिंग पर गिल्स, गढ़ा हुआ फ्यूल टैंक और अपस्वेप्ट टेल सेक्शन मिलता है।

फीचर 

इन सुविधाओं से लैस है दोनों 

फीचर्स की बात करें तो डुकाटी बाइक में 6.9-इंच TFT डिस्प्ले, कॉर्नरिंग ABS, इंजन ब्रेकिंग कंट्रोल, एंटी-थेफ्ट अलार्म, क्रूज कंट्रोल, TPMS जैसे फीचर्स दिए हैं। इसके अलावा लेटेस्ट बाइक पावर मोड, राइड मोड, ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम, स्लाइड कंट्रोल, व्हीली कंट्रोल, लॉन्च कंट्रोल और 70 से अधिक सेंसर से लैस है। BMW मोटरराड बाइक में 6.5-इंच का TFT डिस्प्ले, 4 राइड मोड्स (रेन, रोड, डायनामिक और रेस), ट्रैक्शन कंट्रोल, हिल स्टार्ट कंट्रोल, लॉन्च कंट्रोल, पिट लेन लिमिटर जैसी कई सुविधाओं हैं।

पावरट्रेन 

डुकाटी बाइक में अधिक शक्तिशाली है इंजन 

पैनिगेल V4 में 1103cc डेस्मोसेडिसी स्ट्रैडेल V4 इंजन है, जो 216PS की पावर और 120.9Nm का टॉर्क पैदा करता है। इसकी अधिकतम गति 320 किमी/घंटा से अधिक है। दूसरी तरफ S 1000 RR में 999cc इनलाइन-4 इंजन दिया है, जो 206.51bhp की पावर और 113Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह 0-100 किमी/घंटा की गति 3.3 सेकेंड में पकड़ सकती है और अधिकतम गति 300 किमी/घंटा से अधिक है। दोनों के इंजन 6-स्पीड गियरबॉक्स और क्विकशिफ्टर से जोड़े गए हैं।

कीमत 

कितनी है बाइक्स की कीमत?

2025 पैनिगेल V4 की कीमत 29.99 लाख से 36.50 लाख रुपये के बीच है। दूसरी तरफ BMW S 1000 RR की कीमत 21.10 लाख रुपये है। डुकाटी बाइक का इंजन थोड़ा दमदार है, लेकिन दोनों बाइक्स के फीचर लगभग समान है, जबकि लुक के मामले में BMW मोटरराड की सुपरबाइक ज्यादा आकर्षक है। इसके अलावा S 1000 RR डुकाटी की पैनिगेल V4 की तुलना में किफायती विकल्प है। ऐसे में हमारा वोट BMW की बाइक को जाता है।