
CATL ने पेश की नई बैटरी तकनीक, 5 मिनट की चार्जिंग में देगी 520 किलोमीटर रेंज
क्या है खबर?
दिग्गज इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंटेम्पररी एम्परेक्स टेक्नोलॉजी (CATL) ने शंघाई में आयोजित एक कार्यक्रम में अपनी नवीनतम बैटरी तकनीक पेश की है।
दावा किया गया है कि CATL की नई शेनक्सिंग बैटरी सेल केवल 5 मिनट के चार्जिंग समय में 520 किलोमीटर तक की रेंज प्रदान कर सकती है।
इससे पहले बैटरी और सेमीकंडक्टर उत्पादन वाली कार निर्माता BYD ऐसी बैटरी तकनीक पेश कर चुकी है, जो इतने ही समय में लगभग 400 किलोमीटर की रेंज प्रदान कर सकती है।
व्यावसायिक उपयोग
व्यावसायिक उपयोग के लिए तैयार है सेल
इस साल जनवरी और फरवरी के लिए SNE रिसर्च डाटा के अनुसार, वैश्विक इलेक्ट्रिक वाहन बैटरी बाजार में CATL का 38.2 फीसदी हिस्सा है, जबकि उसकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी BYD के पास केवल 16.9 फीसदी हिस्सेदारी है।
इस कार्यक्रम में सोडियम-आयन बैटरी पर भी चर्चा हुई। इसमें CATL ने घोषणा कि उसका नैक्सट्रा सोडियम-आयन सेल व्यावसायिक उपयोग के लिए तैयार है।
यह तकनीक EV के लिए 500 और हाइब्रिड के लिए लगभग 200 किलोमीटर तक की रेंज प्रदान कर सकती है।
फ्लांइग कार
फ्लांइग कारों में भी इस्तेमाल हो सकती है बैटरी
CATL ने अलग-अलग रसायन विज्ञान और ऊर्जा घनत्व वाली दोहरी-शक्ति वाली बैटरियों की एक श्रृंखला का भी अनावरण किया और कहा कि वे 1,000 किलोमीटर तक की रेंज प्रदान कर सकती हैं।
कार बैटरियों के साथ कंपनी की सफलता ने इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेकऑफ और लैंडिंग क्राफ्ट (eVTOL) जैसी फ्लाइंग कार में इसकी रुचि को बढ़ाया है।
CATL ने पहले कहा था कि इसकी एक इलेक्ट्रिक सेल द्वारा संचालित eVTOL 200 किमी/घंटा की गति से 250 किलोमीटर तक उड़ सकता है।