LOADING...
10 अप्रैल से टोल प्लाजा पर नकद भुगतान बंद, जानिए क्या रहेंगे विकल्प
सरकार ने टोल प्लाजा पर नकद भुगतान बंद करने का फैसला किया है

10 अप्रैल से टोल प्लाजा पर नकद भुगतान बंद, जानिए क्या रहेंगे विकल्प

Apr 06, 2026
08:10 pm

क्या है खबर?

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने टोल बूथों पर 10 अप्रैल से नकद भुगतान बंद करने की घोषणा की है। मंत्रालय के अनुसार, टोल का भुगतान केवल फास्टैग से ही किया जा सकेगा। इसके अलावा वाहन चालक UPI के माध्यम से भी टोल दे सकेंगे, लेकिन इसके लिए 1.25 गुना ज्यादा चुकाना होगा। इस बदलाव का उद्देश्य टोल प्लाजा पर वाहनों की लगने वाली लंबी कतारों को कम करना, राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर सुगम यातायात सुनिश्चित करना है।

कार्रवाई

क्या हो सकती है कार्रवाई?

फास्टैग या UPI के माध्यम से टोल शुल्क का भुगतान न करने पर अधिकारी राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क नियम, 2008 के नियम 14 का प्रयोग कर सकते हैं, जिसके तहत वे संबंधित सड़क पर वाहन के प्रवेश को रोक सकते हैं। अगर, वाहन का गुजरना कैमरों द्वारा रिकॉर्ड किया जाता है, लेकिन भुगतान प्राप्त नहीं होता है तो E-नोटिस जारी किया जा सकता है। 3 दिनों के भीतर नियमित टोल शुल्क देना होगा। इसके बाद दोगुना टोल वसूला जाएगा।

प्रतिबंध 

वाहन पर लग सकते हैं प्रतिबंध 

E-नोटिस मिलने के 15 दिन बाद भी भुगतान नहीं किया गया तो बकाया राशि वाहन पोर्टल में दर्ज हो जाएगी, जिसके बाद वाहन पर उचित प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। इस नए नियम के पीछे सरकार का लक्ष्य डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देना, हाइवे ट्रैफिक को सुचारु बनाना, टोल प्लाजा पर पारदर्शिता बढ़ाना और कैश लेन-देन खत्म करना है। ऐसे में 10 अप्रैल से पहले वाहन चालकों के लिए फास्टैग को अपडेट करने की जरूरत है, ताकि जुर्माना न लगे।

Advertisement