Page Loader
अगले साल जनवरी में होगा देश का सबसे बड़ा मोटर शो-ऑटो एक्सपो, जानें क्या रहेगा खास
जनवरी में आयोजित होगा ऑटो एक्सपो

अगले साल जनवरी में होगा देश का सबसे बड़ा मोटर शो-ऑटो एक्सपो, जानें क्या रहेगा खास

Mar 20, 2022
06:30 pm

क्या है खबर?

भारत के सबसे बड़े मोटर शो ऑटो एक्सपो 2023 एडिशन की तारीख सामने आ गई है। इसे अगले साल जनवरी में आयोजित किया जाएगा। इस साल इसे कोविड-19 महामारी के कारण रद्द कर दिया गया था। वहीं, इसका पिछला एडिशन फरवरी, 2020 में हुआ था। बता दें कि हर बार की तरह ग्रेटर नोएडा में इस शो को आयोजित किया जाएगा, जिसमें कई बड़ी कंपनियां अपने अपकमिंग मॉडल्स पेश और लॉन्च करेंगी।

परिचय

क्या है ऑटो एक्सपो?

भारत में आयोजित होने वाला ऑटो एक्सपो दुनिया के प्रमुख ऑटो शो में से एक है, जिसमें उत्पादों, तकनीक, कॉन्सेप्ट और आइडिया को ऑटोमोटिव दुनिया में प्रदर्शित करने के लिए निर्माताओं को एक विशेष मंच दिया जाता है। यह ईवेंट मोटर वाहन निर्माताओं के अंतर्राष्ट्रीय संगठन [OICA] के प्रमुख कार्यक्रमों में से एक है। सोसाइटी ऑफ ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) इस इवेंट को ACMA और CII जैसे संघों के साथ मिलकर आयोजित करती है।

कार्यक्रम

कब और कहां होगा आयोजन?

SIAM के महानिदेशक राजेश मेनन ने मीडिया को बताया कि इंडिया ऑटो एक्सपो ग्रेटर नोएडा में 13 से 18 जनवरी, 2023 के बीच होगा। इसमे से 11 जनवरी विशेष रूप से मीडिया के लिए होगा। वहीं, 12 जनवरी को मीडिया, विशिष्ट अतिथियों और डीलरों के लिए उद्घाटन समारोह होगा। ऑटो एक्सपो जहां ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर ऑटो कंपोनेंट शो नए प्रगति मैदान परिसर में होगा।

जानकारी

लाखों की संख्या में आते हैं लोग

ऑटो एक्सपो नए उत्पादों और टेक्नोलॉजी को प्रदर्शित करने के लिए एक प्लेटफॉर्म है, जिसकी वजह से नई गाड़ियों के प्रेमी लाखों की संख्या में इसमें आते हैं। पिछली बार हुए ऑटो एक्सपो 2020 में छह लाख से अधिक विजिटर्स इसमें आए थे। इसमें कुल 108 एक्जीबिशन लगाए गए थे जहां 352 उत्पाद प्रदर्शित हुए थे। इसके अलावा लगभग 70 से अधिक उत्पाद लॉन्च और पेश किये गए थे।

जानकारी

ये हैं दुनिया के कुछ सबसे बड़े मोटर शो

ऑटोमोबाइल्स के लिए दुनियाभर में कई ऑटो इवेंट्स आयोजित किये जाते हैं। इसमें सबसे बड़ा फ्रैंकफर्ट मोटर शो, जिसे जर्मनी में आयोजित किया जाता है। इसके अलावा वुडवर्ड ड्रीम क्रूज, ऑटो शंघाई, अंतर्राष्ट्रीय जिनेवा मोटर शो, पेरिस मोटर शो जैसे इवेंट्स के नाम आते हैं।