कहीं पेट्रोल पंप पर आपके साथ भी तो नहीं हो रहा स्कैम? जानिए इससे कैसे बचें
क्या है खबर?
पेट्रोल के महंगे दाम हमेशा से ही वाहन चालकों के लिए चिंता का विषय रहा है। ऊपर से पेट्रोल डलवाते समय धाेखाधड़ी और हो जाए तो यह भारी पड़ता है। पंप के कर्मचारियों ने चोरी करने के तरह-तरह के तरीके अपना लिए हैं। अगर, आप इनके बारे में पहले से जागरूक नहीं है तो हर बार-बार थोड़ी-थोड़ी चोरी से बड़ा नुकसान हो सकता है। आइये जानते हैं पेट्रोल पंप स्कैम कैसे होता है और उनसे कैसे बचा जा सकता है।
#1
ध्यान भटका कर जीरो स्कैम
पंप कर्मचारी हर वाहन में ईंधन डालने से पहले पंप मशीन को जीरो पर सेट करता है। कई बार कर्मचारी आपका ध्यान भटका देता है और रीडिंग को जीरो पर सेट किए बिना ही पेट्रोल डालना शुरू कर देता है। इस आपकी गाड़ी में तेल कम डलता है और आपसे पिछली गाड़ी में भरे गए पेट्रोल का पैसा भी ले लिया जाता है। इस धोखाधड़ी से बचने के लिए ईंधन डलवाने से पहले मशीन में जीरो जरूर चेक करें।
#2
राउंड फिगर के नाम पर धोखाधड़ी
ज्यादातर लोग 500, 1,000 या 2,000 रुपए का पेट्रोल-डीजल भरवाते हैं। कई पंप पर इन राउंड फिगर वाले नंबरों पर मशीन में पहले से ही चिप लगाकर छेड़छाड़ कर दी जाती है। इससे मशीन का मीटर तो पूरी मात्रा दिखाता है, लेकिन हकीकत में ईंधन कम डला होता है। इसलिए, राउंड फिगर की जगह 330, 510 या 1,040 रुपये में पेट्रोल-डीजल डलवाएं। इसके अलावा मात्रा में कमी का संदेह तो पंप पर मौजूद मापक यंत्र से जांच करवा सकते हैं।
#3
नोजल को बीच में रोक देना
पेट्रोल डालते समय कर्मचरी अचानक नोजल बंद कर देता है। पूछने पर वह इसे गलती से होना बताकर टाल देता है। इसके बाद फिर नोजल को शुरू कर देता है। इस प्रक्रिया में मीटर तो आगे बढ़ता, लेकिन पाइप में हवा का दबाव बनने की वजह से तेल कम निकलता है। इससे आपको पूरी मात्रा में ईंधन नहीं मिलेगा। इससे बचने के लिए कर्मचारी पर नजर रखें और उसे बीच में नोजल को बंद करने से रोकें।
#4
मिलावट कर पहुंचाया जा रहा नुकसान
कई जगह ईंधन में मिलावट करके भी वाहन चालकों को ठगा जाता है। पेट्रोल में नेफ्था या अन्य केमिकल की मिलावट की जाती है। इससे आपकी गाड़ी का माइलेज कम हो जाता है और इंजन को भारी नुकसान पहुंचाता है। अगर, आपको तेल की गुणवत्ता को लेकर कोई संदेह है तो पंप पर फिल्टर पेपर टेस्ट की मांग कर सकते हैं। यह आपका अधिकार है और इसके लिए पंप मालिक आपको मना नहीं कर सकता।
#5
बिना अनुमति के प्रीमियम पेट्रोल डालना
कुछ पेट्रोल पंपों ने ग्राहकों को ठगने के लिए एक नई चाल अपनानी शुरू कर दी है, जिसमें वे आपकी गाड़ी में सामान्य ईंधन की जगह प्रीमियम पेट्रोल भर देते हैं। वे अक्सर ग्राहक की अनुमति के बिना ही ऐसा करते हैं। यह सामान्य पेट्रोल से लगभग 5 से 10 प्रतिशत महंगा होता है। इस कारण आपको ज्यादा दाम चुकाने पड़ते हैं, जबकि इसका आपको कोई फायदा भी नहीं होता, क्योंकि यह हाई-परफॉर्मेंस वाहनों में डाला जाता है।